-
दादी की शिकायत पर बचायी गयी बच्ची
जगतसिंहपुर। जिले के चर्चिका बाजार में एक व्यक्ति पर अपनी 15 दिन की बच्ची को बेचने का आरोप लगा है। बताया जाता है कि अमन ने अपने 15 दिन की बच्ची को बेच दिया। हालांकि बाद में नवजात को जिले के पोकापुर गांव से बचा लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, नवजात के पिता ने बच्ची को पोकापुर गांव की कंगाली मल्लिक को 10 हजार रुपये में बेच दिया। घटना की जानकारी होने पर नवजात की दादी ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करायी।
दादी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस और बाल संरक्षण इकाई के सदस्यों ने एक तलाशी अभियान शुरू किया और बच्ची को बचा लिया। पुलिस ने बच्चे को खरीदने वाले व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है।
आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पिता ने पारिवारिक कलह के चलते इसको बेच दिया होगा।
जगतसिंहपुर बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष विश्वेश्वरी मोहंती ने कहा कि नवजात शिशु की दादी ने आरोप लगाया है और दावा किया है कि बच्चे को 10,000 रुपये में बेचने का सौदा किया गया था। मामले की जांच जारी है।
मोहंती ने कहा कि नवजात शिशु को बचा लिया गया है और उसके माता-पिता पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार हो गए हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
