-
अगले दो दिनों तक कोहरे जारी रहने की संभावना
भुवनेश्वर। ओडिशा में कड़ाके की ठंड की स्थिति में काफी गिरावट के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में आज तड़के घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राज्य के विभिन्न हिस्सों में घने कोहरे के कारण वाहनों का आवागमन भी बाधित रहा। कटक और भुवनेश्वर में भी स्थिति यही रही। कटक और भुवनेश्वर के बाहरी इलाकों में स्थिति अधिक विकट थी, क्योंकि दृश्यता 20 से 30 मीटर से भी कम हो गई थी। यह जानकारी आज यहां भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी। इससे पहले मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे की पीली चेतावनी जारी की थी। घने कोहरे के अलावा, आईएमडी ने 17 जनवरी के आसपास राज्य के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग जारी बुलेटिन के अनुसार, अनुगूल, ढेंकानाल, कटक, केंदुझर, जाजपुर, भद्रक, खुर्दा, नयागढ़ और कंधमाल जिलों में अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा, तटीय ओडिशा और केंदुझर, अनुगूल, ढेंकानाल और कंधमाल में कुछ स्थानों पर भी कम से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कलाहांडी, कंधमाल, बलांगीर, सोनपुर, बौध, अनुगूल, ढेंकानाल, कटक और केंदुझर में एक या दो स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे का अनुमान लगाया है।
बुलेटिन में आगे कहा गया है कि अगले पांच दिनों के दौरान ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर रात के तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों में, कंधमाल में जी उदयगिरि में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोरापुट के सिमिलिगुड़ा में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कंधमाल के फूलबाणी में यह 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुवनेश्वर और कटक में न्यूनतम तापमान क्रमशः 16.3 डिग्री सेल्सियस और 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि ओडिशा में मौसम शुष्क बना रहेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
