-
पांच राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के 19 डॉक्टरों ने लाइव सर्जरी के जरिए सीखे उपचार के गुर
भुवनेश्वर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भुवनेश्वर ने देश में जलने से होने वाली दुर्घटनाओं के बेहतर उपचार और मृत्यु दर कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। संस्थान के बर्न सेंटर एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग की ओर से 25 से 28 नवंबर तक चार दिवसीय बर्न इंजरी मैनेजमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के 19 डॉक्टरों ने भाग लिया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय आघात एवं जलने से होने वाली चोटों की रोकथाम और प्रबंधन कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया।
इसमें आंध्र प्रदेश से छह, असम से पांच, ओडिशा से तीन, राजस्थान से दो, पुडुचेरी से दो और तमिलनाडु से एक डॉक्टर शामिल हुए। प्रतिभागियों में सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा अधिकारी एवं विशेषज्ञों के साथ मेडिकल कॉलेजों के संकाय सदस्य भी शामिल थे।
प्रशिक्षण के दौरान गंभीर रूप से जले मरीजों के उपचार की आधुनिक तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया। इसमें फ्लूइड रिससिटेशन (शरीर में तरल पदार्थों की पूर्ति), सांस लेने में सहायता के लिए एयरवे मैनेजमेंट, गहन चिकित्सा, घावों की देखभाल, संक्रमण नियंत्रण और सर्जिकल प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण लाइव बर्न सर्जरी का प्रदर्शन रहा, जिसके माध्यम से डॉक्टरों को जीवनरक्षक शल्य चिकित्सा प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव मिला।
चार दिवसीय प्रशिक्षण में बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष बर्न केयर, बिजली एवं रासायनिक पदार्थों से होने वाले जलने के मामलों का उपचार, पुनर्वास, स्किन बैंकिंग तथा त्योहारों के दौरान आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम जैसे विषय भी शामिल रहे। डॉक्टरों को घावों की ड्रेसिंग, एयरवे मैनेजमेंट, कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) और सेंट्रल लाइन इंसर्शन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही उन्हें बर्न आईसीयू की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ डॉ अशुतोष बिस्वास ने कहा कि जलने की घटना के बाद शुरुआती कुछ घंटे मरीज के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान समय पर उचित उपचार मिलने से कई जानें बचाई जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि भारत में हर साल 10 लाख से अधिक लोग मध्यम या गंभीर रूप से जलने की घटनाओं से प्रभावित होते हैं। इनमें बड़ी संख्या महिलाओं, बच्चों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की है। देशभर के डॉक्टरों की उपचार संबंधी दक्षता बढ़ाने से मरीजों को उनके घरों के नजदीक ही समय पर बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने और जीवन बचाने में मदद मिलेगी।
बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ संजय कुमार गिरि ने कहा कि शुरुआती कुछ घंटों में उचित चिकित्सा देखभाल मिलने से जलने के कारण होने वाली अधिकांश मौतों को रोका जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित डॉक्टर अपने-अपने अस्पतालों में इन जीवनरक्षक तकनीकों का उपयोग करेंगे, जिससे देश में गुणवत्तापूर्ण बर्न केयर सेवाओं का विस्तार होगा।
एम्स भुवनेश्वर मार्च 2027 तक हर महीने ऐसे विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। इनमें डॉक्टरों और नर्सों के लिए बारी-बारी से अलग-अलग प्रशिक्षण बैच संचालित किए जाएंगे। मंत्रालय ने देशभर में बर्न केयर सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से हर महीने 10 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा है।
संस्थान के अनुसार, इस पहल को चिकित्सा जगत से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। मार्च 2027 तक निर्धारित सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए पंजीकरण पहले महीने में ही पूरा हो गया। यह प्रतिक्रिया बर्न इंजरी मैनेजमेंट में विशेष प्रशिक्षण की बढ़ती मांग को दर्शाती है।
समापन समारोह में एम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रभास रंजन त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले डॉक्टरों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
कार्यक्रम के संचालन में एम्स भुवनेश्वर के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं संकाय सदस्यों डॉ एसके गिरि, डॉ एस सुबा, डॉ अमिया कुमार बारिक, डॉ ए कनुंगो, डॉ एसएस बेहरा, डॉ देवश्री दास, डॉ तरुण कुमार पात्र, डॉ शिखा जायसवाल, डॉ जयंत कुमार मित्रा, डॉ बिजयिनी बेहरा, डॉ सिंधु सुधा साहू और संजीब ने योगदान दिया।
जलने पर प्राथमिक उपचार की सलाह
आम लोगों को जागरूक करते हुए डॉ गिरि ने सलाह दी कि जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को तुरंत 20 मिनट तक ठंडे बहते नल के पानी के नीचे रखें। जले हुए स्थान पर टूथपेस्ट, तेल, स्याही या बर्फ का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। घाव को साफ कपड़े से ढककर जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल में चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि मृत्यु के बाद त्वचा दान (स्किन डोनेशन) गंभीर रूप से जले मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और उनकी जान बचाने में मददगार साबित हो सकता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
