Home / Odisha / ओडिशा में 8,389.75 करोड़ रुपये का अनुपूरक खाद्य बजट पारित

ओडिशा में 8,389.75 करोड़ रुपये का अनुपूरक खाद्य बजट पारित

  •     धान खरीद, राशन कार्ड में गड़बड़ी और महंगाई को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा

  •     मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर किया सदन से बहिर्गमन

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा ने खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट के तहत 8,389.75 करोड़ रुपये की अनुदान मांग को मंजूरी दे दी। शुक्रवार को 17वीं विधानसभा के आठवें सत्र के दौरान इस बजट पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। धान खरीद में देरी, मंडियों में किसानों की परेशानी, राशन वितरण में अनियमितता और महंगाई जैसे मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। इसके बाद विपक्ष के समर्थन के बिना ही अनुदान मांग पारित हो गई और कटौती प्रस्ताव खारिज कर दिए गए।

बहस की शुरुआत करते हुए बीजद के उपमुख्य सचेतक प्रताप देव ने अनुपूरक बजट का समर्थन करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो बजटों में आवंटित राशि के मुकाबले वास्तविक खर्च क्रमशः केवल 37 और 26 प्रतिशत रहा है। ऐसे में अतिरिक्त बजट की आवश्यकता और इसके उपयोग को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने मंडियों से धान का उठाव नहीं होने, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की ओर से चावल उठाने में देरी, पंजीकृत किसानों का धान नहीं खरीदे जाने और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों की प्रशासनिक लापरवाही और चावल की बिक्री को लेकर मीडिया में प्रकाशित खबरों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियां धान खरीद व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।

बीजद विधायक दल के उपनेता ने किसानों की समस्याओं को उठाया

बीजद विधायक दल के उपनेता अशोक दास ने भी किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मंडियों में धान पड़े रहने, बारिश के कारण धान में अंकुर निकलने, मॉडल मंडियों की स्थापना में देरी और खरीद के दौरान कटनी-छटनी की प्रथा समाप्त नहीं होने पर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने राशन कार्ड में अनियमितताओं, महंगाई और कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस विधायक मंगु खिल ने भी अनुपूरक बजट का समर्थन नहीं किया और मंत्री से विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांगा।

विपक्ष की ओर से भी मिला अनुपूरक बजट को समर्थन

बहस में विपक्ष की ओर से अधिराज मोहन पाणिग्राही, दिव्यशंकर मिश्र, रमेश चंद्र बेहरा, शारदा प्रसाद जेना, वर्षा सिंह बरिहा, मनोहर रांधारी, निरंजन पुजारी, सोफिया फिरदौस, सुभासिनी जेना और अरविंद महापात्र ने हिस्सा लिया। वहीं सत्तारूढ़ दल की ओर से दुष्मंत कुमार स्वाईं, पूर्णचंद्र सेठी, प्रताप चंद्र नायक, रघुनाथ जगदला और इरासिस आचार्य ने अनुपूरक बजट का समर्थन किया।

3.31 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मिल रहा मुफ्त चावल

विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने कहा कि मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (एसएफएसएस) के लाभार्थियों को हर महीने अतिरिक्त पांच किलो मुफ्त चावल दिया जा रहा है। इस योजना के तहत सभी 30 जिलों में प्रतिमाह लगभग 1.65 लाख मीट्रिक टन चावल वितरित किया जा रहा है। नवंबर महीने के चावल का वितरण एक नवंबर से शुरू हो चुका है।

मंत्री ने बताया कि वर्तमान में एनएफएसए और एसएफएसएस के तहत राज्य के 1.30 करोड़ से अधिक परिवारों के 3.31 करोड़ से ज्यादा सदस्यों को मुफ्त चावल उपलब्ध कराया जा रहा है।

राशन कार्ड व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में 7,76,814 परिवारों के 15,38,092 सदस्यों को नए राशन कार्ड जारी किए गए हैं। वहीं 5,09,777 लंबित आवेदनों का क्षेत्रीय स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 99 प्रतिशत लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। सत्यापन के बाद 37,742 अपात्र राशन कार्डों से जुड़े 1,34,841 सदस्यों और 9,10,571 मृत लाभार्थियों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य की सभी 11,707 उचित मूल्य की दुकानों में जुलाई-अगस्त से स्मार्ट सार्वजनिक वितरण प्रणाली (स्मार्ट पीडीएस) लागू की जा चुकी है। इसके साथ ही नगरपालिकाओं में अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम की व्यवस्था भी शुरू की जा रही है, जिससे लाभार्थियों को अनाज प्राप्त करने में सुविधा होगी।

3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीद

किसानों को लेकर मंत्री ने कहा कि समृद्ध किसान योजना के तहत राज्य सरकार 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। खरीफ विपणन सत्र 2025-26 में रिकॉर्ड 97.94 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई, जिसके एवज में 22.48 लाख किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 30,361 करोड़ रुपये भेजे गए।

मंत्री के अनुसार, खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए अब तक 3,012 खरीद केंद्रों के माध्यम से 22,27,713 किसानों का पंजीकरण किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि एग्रीस्टैक फार्मर आईडी नहीं होने के कारण किसी भी पात्र किसान को धान बेचने से वंचित नहीं किया जाएगा। पी-पैक्स के माध्यम से पहले की तरह धान खरीद जारी रहेगी। इसके अलावा जिला कलेक्टरों को किसानों के टोकन की वैधता बढ़ाने का अधिकार दिया गया है, ताकि किसी किसान को तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से परेशानी न हो।

अवैध धान आवक और एलपीजी कालाबाजारी पर निगरानी

मंत्री ने कहा कि धान खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खरीद केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। राज्य की सीमाओं पर जांच चौकियां स्थापित कर दूसरे राज्यों से होने वाली अनधिकृत धान की आवक पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही एलपीजी की कालाबाजारी के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने सरकार की ओर से किसानों और राशन लाभार्थियों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए अनुपूरक बजट को आवश्यक बताया। हालांकि, विपक्ष मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ और सदन से बहिर्गमन कर गया। इसके बाद विधानसभा ने 8,389.75 करोड़ रुपये की अनुपूरक अनुदान मांग को पारित कर दिया।

Share this news

About desk

Check Also

कोटिया ओडिशा का अभिन्न हिस्सा था, है और रहेगा : मंत्री सुरेश पुजारी

   विधानसभा में कानूनी लड़ाई और विकास कार्यों का दिया ब्योरा     आंध्र प्रदेश …