-
सेवानिवृत्ति सहायता तीन गुना
-
कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 12 हजार हुआ
-
सहायिकाओं का 5 हजार से 6 हजार रुपये किया गया
-
मृत्यु पर अनुग्रह राशि दोगुनी होकर 4 लाख रुपये हुई
-
पांच दिन से जारी आंदोलन समाप्त
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हित में बड़ा फैसला लेते हुए उनके मासिक मानदेय में बढ़ोतरी के साथ मृत्यु पर मिलने वाली अनुग्रह राशि और सेवानिवृत्ति सहायता में भी वृद्धि की है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मंजूरी के बाद शुक्रवार को विधानसभा में उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाती परिडा ने इन फैसलों की घोषणा की। सरकार के इस निर्णय के बाद पिछले पांच दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की है।
नई व्यवस्था के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दिया गया है। इसी तरह सहायिकाओं का मानदेय 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है। सरकार ने मृत्यु की स्थिति में मिलने वाली अनुग्रह राशि भी दोगुनी कर दी है। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं, दोनों के लिए यह राशि 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दी गई है।
सेवानिवृत्ति सहायता में तीन गुना वृद्धि
सरकार ने आंगनबाड़ी कर्मियों की दीर्घकालीन आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली सहायता राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति पर 1 लाख रुपये के स्थान पर 3 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं सहायिकाओं को मिलने वाली राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये कर दी गई है।
वार्षिक प्रोत्साहन भी जारी रहेंगे
सरकार ने स्पष्ट किया है कि मानदेय और अन्य वित्तीय लाभों में बढ़ोतरी के साथ पहले से मिल रहे वार्षिक प्रोत्साहन भी जारी रहेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण अभियान के तहत 6 हजार रुपये, ममता-पीएमएमवीवाई के तहत औसतन 2 हजार रुपये और सुभद्रा योजना के तहत 10 हजार रुपये सहित कुल 18 हजार रुपये वार्षिक प्रोत्साहन मिलता रहेगा।
इसी तरह सहायिकाओं को पोषण अभियान के तहत 3 हजार रुपये, ममता-पीएमएमवीवाई के तहत औसतन 1,200 रुपये और सुभद्रा योजना के तहत 10 हजार रुपये सहित कुल 14,200 रुपये वार्षिक प्रोत्साहन मिलता रहेगा।
पांच दिन का आंदोलन समाप्त
मानदेय और वित्तीय सहायता में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद राज्यभर में आंदोलन कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी पांच दिवसीय हड़ताल समाप्त कर दी। प्रदर्शनकारी कड़ाके की ठंड के बीच खुले आसमान के नीचे रात बिताकर अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रही थीं। उनकी प्रमुख मांगों में सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 30 हजार रुपये और सहायिकाओं के लिए 15 हजार रुपये मासिक मानदेय शामिल था।
विधानसभा में घोषणा के बाद उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने आंदोलनरत कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की।
सरकार के कदम का स्वागत
आंदोलन समाप्त करने की घोषणा करते हुए संगठन की अध्यक्ष सुमित्रा महापात्र ने कहा कि सरकार ने उनकी प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कदम उठाया है। संगठन की सचिव कुंजलता दास तथा उपसचिव बिमला लकड़ा, मंदाकिनी प्रधान, प्रतिमा दत्ता और पुष्पलता रथ ने भी सरकार के फैसले को लंबे संघर्ष की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री की उच्चस्तरीय बैठक में हुआ निर्णय
इन फैसलों से पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आंगनबाड़ी कर्मचारियों की कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं, बच्चों के पोषण, मातृ स्वास्थ्य और बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
बैठक में उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, मुख्य सचिव अनु गर्ग, विकास आयुक्त डीके सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शाश्वत मिश्रा, वित्त सचिव संजीब मिश्रा, महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त-सह-सचिव मृणालिनी दर्शवाल तथा विभागीय सचिव मोनिषा बनर्जी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जमीनी स्तर पर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मान और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि वे और अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
