-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी बधाई
भुवनेश्वर। 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ)-2026 में ओडिशा पवेलियन को विषयगत प्रस्तुति श्रेणी में प्रतिष्ठित रजत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे ओडिशा के लिए गर्व और गौरव का विषय बताया है।
मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में इस उपलब्धि के लिए ओडिशा पवेलियन की परिकल्पना, डिजाइन और सफल प्रस्तुति से जुड़े सभी लोगों, शिल्पकारों, कारीगरों और कलाकारों को हार्दिक बधाई दी।
इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ विषय पर आधारित ओडिशा पवेलियन में राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विरासत का आकर्षक प्रदर्शन किया गया था। पवेलियन के माध्यम से प्राचीन कलिंग की गौरवशाली विरासत, भगवान श्रीजगन्नाथ की संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, पारंपरिक हस्तशिल्प और लोककलाओं के साथ राज्य की आर्थिक प्रगति को एक साथ प्रस्तुत किया गया।
विशेष रूप से पाइक नृत्य और छऊ जैसी समृद्ध लोककलाओं के माध्यम से ओडिशा की सांस्कृतिक विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही राज्य की विकास यात्रा और आर्थिक उपलब्धियों को भी पवेलियन की प्रस्तुति में प्रमुखता दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान ओडिशा की समृद्ध विरासत, कला, संस्कृति और आर्थिक प्रगति के अनूठे समन्वय को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रत्येक ओडिया के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय बताते हुए पवेलियन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
