Home / Odisha / ओडिशा में स्कूल छोड़ने के बढ़ते मामलों पर मंत्री ने बताई व्यक्तिगत वजहें

ओडिशा में स्कूल छोड़ने के बढ़ते मामलों पर मंत्री ने बताई व्यक्तिगत वजहें

  •    विधानसभा में सरकार का जवाब, ड्रॉपआउट रोकने के लिए कई योजनाएं लागू

  •     2018-19 में 9.5 प्रतिशत से बढ़कर 2022-23 में 17.7 प्रतिशत हुई माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर

भुवनेश्वर। ओडिशा में स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के बीच स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि विद्यार्थियों के स्कूल छोड़ने के पीछे विभिन्न व्यक्तिगत कारण हैं। सरकार ने ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कई व्यापक कदम उठाए हैं।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक इरासिस आचार्य के सवाल के जवाब में मंत्री ने यह जानकारी दी। विधायक ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट संख्या-5, 2025 का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच ओडिशा में माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर 9.5 प्रतिशत से बढ़कर 17.7 प्रतिशत हो गई। माध्यमिक से उच्च माध्यमिक स्तर पर विद्यार्थियों का संक्रमण अनुपात केवल 70.3 प्रतिशत रहा।

जिलेवार स्थिति की जानकारी मांगी

उन्होंने बताया कि इस अवधि में नामांकित 23.61 लाख विद्यार्थियों में से 2.74 लाख विद्यार्थी माध्यमिक परीक्षा में अनुपस्थित रहे। विधायक ने सरकार से ड्रॉपआउट दर, मैट्रिक परीक्षा में अनुपस्थित विद्यार्थियों की संख्या, उच्च माध्यमिक स्तर पर दाखिला नहीं लेने वाले विद्यार्थियों के आंकड़े तथा जिलेवार स्थिति की जानकारी मांगी। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए सरकार की कार्ययोजना पर भी सवाल उठाया।

पढ़ाई छोड़ने के पीछे कई व्यक्तिगत कारण

जवाब में मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों के अनुपस्थित रहने और पढ़ाई छोड़ने के पीछे कई व्यक्तिगत कारण होते हैं। मैट्रिक परीक्षा में भी विभिन्न कारणों से विद्यार्थी शामिल नहीं हो पाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कुछ विद्यार्थी व्यावसायिक शिक्षा, नर्सिंग, आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिला लेते हैं। इन पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का आंकड़ा यूडीआईएसई+ में एकत्र नहीं किया जाता है। इसके कारण माध्यमिक से उच्च माध्यमिक स्तर पर संक्रमण दर वास्तविक स्थिति से कम दिखाई देती है।

उपस्थिति सुनिश्चित करने को कई योजनाएं शुरू

मंत्री ने बताया कि ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाने और स्कूलों में उनकी निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें ‘आसा स्कूल जिबा’, ‘प्रवेश उत्सव’, ‘शिक्षा सचेतनता रथ’ तथा प्रत्येक तीन महीने में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मुफ्त यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें, बस सेवा, साइकिल, मध्याह्न भोजन, परिवहन भत्ता और विभिन्न छात्रवृत्तियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही स्कूलों के बुनियादी ढांचे का विकास कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।

विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था

मंत्री के अनुसार, छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय आश्रम विद्यालयों और छात्रावास योजनाओं के माध्यम से विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा जनजातीय बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कदम उठाए जा रहे हैं। 14 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए उच्च एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर शिक्षा जारी रखने की व्यवस्था भी की जा रही है। मंत्री ने कहा कि इन सभी पहलों का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूलों से जोड़े रखना, शिक्षा तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना और राज्य में स्कूल छोड़ने की समस्या को कम करना है।

Share this news

About desk

Check Also

एम्स भुवनेश्वर में संविधान दिवस पर ‘प्रस्तावना पाठ’ कार्यक्रम आयोजित

भुवनेश्वर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भुवनेश्वर में गुरुवार को संविधान दिवस (संविधान दिवस) मनाया …