-
संपत्ति पर पूंजीगत लाभ कर घटाने को भी क्रेडाई ने उठाई आवाज
-
होम लोन के ब्याज पर अधिक कर छूट और मकान खरीदने वालों को राहत देने का प्रस्ताव
-
जमीन एवं भवन पर दीर्घकालीन पूंजीगत लाभ कर 5 प्रतिशत करने की सिफारिश
-
ओडिशा के रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश बढ़ने की उम्मीद
भुवनेश्वर। रियल एस्टेट डेवलपर्स के संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (क्रेडाई) ने केंद्रीय बजट 2027-28 के लिए केंद्र सरकार को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। संगठन ने किफायती आवास की परिभाषा में बदलाव, होम लोन के ब्याज पर आयकर छूट बढ़ाने, जमीन और भवन पर दीर्घकालीन पूंजीगत लाभ कर घटाकर 5 प्रतिशत करने तथा आवासीय परियोजनाओं के विकास के लिए कर प्रोत्साहन देने की मांग की है। इन प्रस्तावों का उद्देश्य मकान खरीदने वालों को राहत देने के साथ रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
क्रेडाई के अनुसार, देश के प्रमुख आठ शहरों में 50 लाख रुपये से कम कीमत वाले मकानों की हिस्सेदारी वर्ष 2018 में 54 प्रतिशत थी, जो 2025 में घटकर 21 प्रतिशत रह गई। जमीन और निर्माण सामग्री की बढ़ती लागत के कारण किफायती आवास की उपलब्धता लगातार चुनौती बन रही है। क्रेडाई ने इसी स्थिति को देखते हुए मौजूदा कर एवं आवास नीतियों में बदलाव की आवश्यकता जताई है।
क्रेडाई नेशनल के अध्यक्ष शेखर पटेल ने कहा कि शहरीकरण के विस्तार के साथ देश में आवास की मांग बढ़ रही है और किफायती मकानों की आवश्यकता लगातार बनी हुई है। ऐसे में किफायती आवास की मौजूदा परिभाषा को बाजार की वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप संशोधित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कर संबंधी प्रावधानों में बदलाव से मकान खरीदारों को राहत मिलेगी और आवासीय परियोजनाओं को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने में मदद मिलेगी।
किफायती आवास की परिभाषा में बदलाव का प्रस्ताव
क्रेडाई ने जीएसटी, आयकर और प्राथमिकता क्षेत्र ऋण के लिए किफायती आवास की एक समान परिभाषा निर्धारित करने का सुझाव दिया है। इसके तहत आरईआरए कारपेट एरिया के आधार पर महानगरों में 70 वर्ग मीटर, 10 लाख या उससे अधिक आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में 90 वर्ग मीटर और अन्य क्षेत्रों में 120 वर्ग मीटर तक के मकानों को किफायती आवास की श्रेणी में रखने का प्रस्ताव है।
आयकर के लिए मकान की कीमत की सीमा बनाए रखने की स्थिति में इसे बढ़ाकर 90 लाख रुपये करने और महंगाई तथा निर्माण लागत के अनुरूप हर साल 5 प्रतिशत बढ़ाने की सिफारिश की गई है।
संगठन ने किफायती आवास परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पूर्ववर्ती आयकर अधिनियम की धारा 80-आईबीए के तहत मिलने वाली सुविधा को नए प्रावधान धारा 142ए के रूप में फिर शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत अप्रैल 2027 से मार्च 2032 के बीच स्वीकृत पात्र आवासीय परियोजनाओं से होने वाले लाभ पर 100 प्रतिशत कटौती देने की मांग की गई है। यह सुविधा कंपनियों, साझेदारी फर्मों और एलएलपी को देने के साथ न्यूनतम वैकल्पिक कर (मैट) और वैकल्पिक न्यूनतम कर (एएमटी) से छूट देने का भी सुझाव है।
होम लोन के ब्याज पर बढ़ेगी कर छूट
मकान खरीदने वालों को राहत देने के लिए क्रेडाई ने पहली बार घर खरीदने वाले लोगों के लिए आवास ऋण के ब्याज पर आयकर कटौती की सीमा बढ़ाने का सुझाव दिया है। संगठन चाहता है कि यह सुविधा पुरानी और नई दोनों आयकर व्यवस्थाओं में उपलब्ध हो, ताकि अधिक से अधिक लोग अपना घर खरीदने के लिए प्रोत्साहित हों।
इसके अलावा किफायती मकानों के लिए ऋण गारंटी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई है। वर्तमान में 20 लाख रुपये की ऋण सीमा को बाजार की मौजूदा कीमतों के अनुरूप बढ़ाने और ऋण पर समान रूप से 75 प्रतिशत गारंटी देने का प्रस्ताव है। इसके लिए पात्रता का आधार उधार लेने वाले की आय श्रेणी के बजाय मकान का मूल्य रखने की सिफारिश की गई है।
क्रेडाई ने पात्र किफायती आवासों से प्राप्त किराये की आय पर 10 साल तक आयकर छूट देने का भी सुझाव दिया है। इससे संगठित किराया आवास क्षेत्र में निवेश बढ़ने और शहरी क्षेत्रों में किफायती मकानों की उपलब्धता में सुधार होने की उम्मीद है।
जमीन और भवन पर पूंजीगत लाभ कर 5 प्रतिशत करने की मांग
क्रेडाई की प्रमुख मांगों में दो वर्ष या उससे अधिक समय तक रखी गई जमीन और भवन की बिक्री पर दीर्घकालीन पूंजीगत लाभ कर घटाकर 5 प्रतिशत करना शामिल है। संगठन ने यह सुविधा अनिवासी भारतीयों सहित सभी करदाताओं को देने का सुझाव दिया है। इसके अलावा अन्य दीर्घकालीन पूंजीगत लाभ और लाभांश आय पर भी निर्धारित शर्तों के तहत 5 प्रतिशत की समान कर दर लागू करने का प्रस्ताव दिया गया है।
संगठन का मानना है कि इससे जमीन के लेनदेन पर कर का बोझ कम होगा और जमीन मालिक संयुक्त विकास समझौतों के माध्यम से संगठित रियल एस्टेट परियोजनाओं में अपनी जमीन लगाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
व्यावसायिक कर व्यवस्था में भी बदलाव की मांग
व्यावसायिक कर व्यवस्था में भी बदलाव की मांग की गई है। इसके तहत कर छूट का लाभ नहीं लेने वाली साझेदारी फर्मों और एलएलपी के लिए 22 प्रतिशत की वैकल्पिक कर व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव है, ताकि उन्हें कंपनियों के समान कर सुविधा मिल सके।
ओडिशा के छोटे और मध्यम शहरों में निवेश की संभावना
क्रेडाई नेशनल के उपाध्यक्ष एवं क्रेडाई ओडिशा के अध्यक्ष स्वदेश कुमार राउतराय ने कहा कि बजट संबंधी ये सुझाव ओडिशा जैसे उभरते रियल एस्टेट बाजार के लिए विशेष महत्व रखते हैं। राज्य में तेजी से हो रहा शहरीकरण, आधारभूत ढांचे का विकास और आवास की बढ़ती मांग निवेश के नए अवसर पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किफायती आवास की परिभाषा में संशोधन, होम लोन के ब्याज पर अधिक कर कटौती और दीर्घकालीन पूंजीगत लाभ कर में कमी से मकान खरीदना आसान होगा। साथ ही जमीन मालिक संगठित रियल एस्टेट विकास परियोजनाओं में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे नई पूंजी आकर्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विशेष आर्थिक क्षेत्रों के लिए भी विशेष सुझाव
क्रेडाई ने विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) में अप्रैल 2027 से मार्च 2031 के बीच स्थापित होने वाली नई सेवा क्षेत्र की इकाइयों के लिए 15 प्रतिशत कर दर लागू करने और 10 वर्षों तक इसका लाभ देने का भी सुझाव दिया है। संगठन को उम्मीद है कि केंद्र सरकार आगामी बजट में इन प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
