-
ओड़िया और अंग्रेजी को वैकल्पिक बनाने पर तीखा विरोध हुआ
-
बीजद विधायक रणेंद्र प्रताप स्वाईं ने सदन में अधिसूचना की प्रति फाड़ी
-
ओड़िया अस्मिता को नुकसान पहुंचाने का लगाया आरोप
-
सरकार से अधिसूचना वापस लेने की मांग
भुवनेश्वर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप तीन भाषा फॉर्मूले के तहत ओड़िया और अंग्रेजी को वैकल्पिक बनाने संबंधी सरकारी अधिसूचना को लेकर शुक्रवार को ओडिशा विधानसभा में तीखा विरोध हुआ। वरिष्ठ बीजद विधायक रणेंद्र प्रताप स्वाईं ने सदन के भीतर अधिसूचना की प्रति फाड़कर अपना विरोध जताया। उन्होंने मांग की कि राज्य के पाठ्यक्रम में पहले की तरह ओड़िया और अंग्रेजी दोनों भाषाओं को अनिवार्य रखा जाए।
शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए स्वाईं ने कहा कि कक्षा छह से आठ तक के लिए प्रस्तावित नई तीन भाषा व्यवस्था में विद्यार्थियों को पहली भाषा के रूप में ओड़िया या किसी अन्य भाषा के चयन का विकल्प दिया गया है। दूसरी भाषा के रूप में संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी या किसी अन्य भारतीय भाषा का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। तीसरी भाषा के चयन में भी अन्य विकल्प दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से ओड़िया और अंग्रेजी दोनों भाषाएं प्रभावी रूप से वैकल्पिक हो जाएंगी, जो ओड़िया अस्मिता के लिए बड़ा आघात है।
स्वाईं ने कहा कि पहले की व्यवस्था में ओड़िया और अंग्रेजी अनिवार्य विषय थे। नई व्यवस्था लागू होने पर विद्यार्थी ओड़िया भाषा का अध्ययन किए बिना भी आगे की कक्षाओं में पहुंच सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि ओड़िया भाषा का ज्ञान नहीं रखने वाले बाहरी लोगों को भी राज्य में महत्वपूर्ण अवसर और पद मिल सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ओड़िया अस्मिता की बात करने वाली राज्य की डबल इंजन सरकार भाषा के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रही है।
अधिसूचना वापस लेने की मांग
विपक्ष के उपनेता प्रसन्न आचार्य ने भी स्वाईं की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यह मुद्दा ओडिशा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अन्य भाषाओं को वैकल्पिक बनाने से पहले ओड़िया भाषा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। आचार्य ने राज्य सरकार से अधिसूचना तत्काल वापस लेने और इस संबंध में विधानसभा में स्पष्ट जानकारी देने की मांग की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
