-
रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट का अनुमान
-
जी उदयगिरि 8.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान
-
राउरकेला और कोरापुट में घना कोहरा
-
अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना नहीं
भुवनेश्वर। ओडिशा में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान जताया है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार को कंधमाल जिले के जी उदयगिरि में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। वहीं, राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा।
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की 27 नवंबर को जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है। जी उदयगिरि के बाद दारिंगबाड़ी में 11.5 डिग्री और फूलबाणी में 12 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में झारसुगुड़ा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.5 डिग्री कम था। दूसरी ओर, पारलाखेमुंडी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी भुवनेश्वर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। कटक में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहरों में बारिश नहीं हुई। अन्य स्थानों में केंदुझर में 13.4 डिग्री, किरेई में 13.5 डिग्री, राउरकेला और सिमिलिगुड़ा में 13.6 डिग्री, कोरापुट, भवानीपाटना और रानीताल में 14 डिग्री, बलांगीर में 14.3 डिग्री, देवगढ़ में 14.4 डिग्री तथा संबलपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
राउरकेला और कोरापुट में घना कोहरा
राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे का असर भी देखा गया। राउरकेला और कोरापुट में दृश्यता घटकर 50 से 200 मीटर के बीच रह गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, कोरापुट, कंधमाल, कालाहांडी, बौध, अनुगोल, सोनपुर और ढेंकानाल जिलों के कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है।
चार दिसंबर तक बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों यानी 4 दिसंबर की सुबह तक राज्य के सभी 30 जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। साथ ही, विभाग ने अगले सात दिनों के लिए किसी भी प्रकार की गंभीर मौसमी चेतावनी जारी नहीं की है। रात के तापमान में अगले दो दिनों तक संभावित गिरावट के कारण विशेषकर आंतरिक और पहाड़ी इलाकों में ठंड का प्रभाव और बढ़ सकता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
