Home / Odisha / डिजिटल रुपये से होगा गरीब कल्याण अन्न योजना का भुगतान

डिजिटल रुपये से होगा गरीब कल्याण अन्न योजना का भुगतान

  •     पीएनबी के साथ हुआ समझौता

  •     खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ किया करार

  •     दो जिलों में पायलट आधार पर शुरू होगी सीबीडीसी व्यवस्था

भुवनेश्वर। ओडिशा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को डिजिटल बनाने और सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के अंतर्गत भारतीय रिजर्व बैंक की केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा (सीबीडीसी) यानी डिजिटल रुपये की व्यवस्था लागू करने के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है। इस व्यवस्था के तहत उचित मूल्य की दुकानों के डीलरों और लाभार्थियों के डिजिटल वॉलेट में सीधे भुगतान किया जाएगा।

लोकसेवा भवन में आयोजित कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग के वित्त सलाहकार सह अतिरिक्त सचिव डॉ गुणनिधि परिडा और पंजाब नेशनल बैंक के उप महाप्रबंधक राज कुमार सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह तथा पीएनबी के महाप्रबंधक एवं ओडिशा अंचल प्रमुख भूषण शर्मा उपस्थित थे। कार्यक्रम में विभाग के अतिरिक्त सचिव सुदाम चरण मंडल और श्रीकांत कुमार बेहुरा सहित बैंक एवं विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

डिजिटल वॉलेट में सीधे पहुंचेगी राशि

इस पहल के तहत सामान्य बैंक खातों के बजाय उचित मूल्य की दुकानों के डीलरों और लाभार्थियों के सीबीडीसी वॉलेट में संबंधित भुगतान जमा किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप आधारित होगी और लेनदेन वास्तविक समय में पूरा होगा। इससे नकदी के इस्तेमाल और बिचौलियों की भूमिका कम करने के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली में संभावित अनियमितताओं और खाद्यान्न की हेराफेरी पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सरकार के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य पीएमजीकेएवाई से जुड़ी डिजिटल भुगतान प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनाना है। इससे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा और लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी।

खुर्दा और कटक में पहले शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट

इस योजना को शुरुआती चरण में खुर्दा और कटक जिलों में पायलट परियोजना के रूप में लागू किया जाएगा। इसके माध्यम से सीबीडीसी आधारित भुगतान व्यवस्था की कार्यप्रणाली का आकलन किया जाएगा। इसके परिणामों के आधार पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली में डिजिटल रुपये के उपयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में ओडिशा पवेलियन को रजत पुरस्कार

    मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी बधाई भुवनेश्वर। 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर …