Home / Odisha / कोटिया ओडिशा का अभिन्न हिस्सा था, है और रहेगा : मंत्री सुरेश पुजारी

कोटिया ओडिशा का अभिन्न हिस्सा था, है और रहेगा : मंत्री सुरेश पुजारी

  •    विधानसभा में कानूनी लड़ाई और विकास कार्यों का दिया ब्योरा

  •     आंध्र प्रदेश के पंचायत चुनावों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में नई अवमानना याचिका

भुवनेश्वर। ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शुक्रवार को विधानसभा में स्पष्ट किया कि कोटिया हमेशा ओडिशा का अभिन्न हिस्सा था, है और आगे भी रहेगा। स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश के साथ जारी कानूनी विवाद और कोरापुट जिले के सीमावर्ती कोटिया ग्राम पंचायत में सरकार की ओर से कराए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।

मंत्री ने कोटिया के ऐतिहासिक और कानूनी पक्ष को सामने रखते हुए बताया कि कोरापुट जिले की पोट्टांगी तहसील के अंतर्गत आने वाला कोटिया एक अप्रैल 1936 को ओडिशा राज्य के गठन के समय से ही इसका हिस्सा रहा है। संविधान लागू होने से पहले भी इस क्षेत्र का प्रशासन ओडिशा के अधीन था। कोटिया ग्राम पंचायत के कुल 28 गांवों में से 21 गांवों को लेकर आंध्र प्रदेश के साथ सीमा विवाद जारी है। इससे पहले बोरा समूह के 13 गांवों को लेकर भी विवाद और कानूनी कार्रवाई हुई थी।

पंचायत चुनाव के खिलाफ अवमानना याचिका दायर

पुजारी ने बताया कि ओडिशा की ओर से वर्ष 1968 में दायर मूल मुकदमे को सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2006 में खारिज करते हुए यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। इसके बावजूद आंध्र प्रदेश ने वर्ष 2021 में कोटिया के कुछ हिस्सों में पंचायत चुनाव कराए, जिसके खिलाफ ओडिशा ने अवमानना याचिका दायर की थी। आंध्र प्रदेश ने वर्ष 2026 के लिए क्षेत्रीय पंचायत सदस्य और जिला परिषद सदस्य चुनावों की अधिसूचना जारी करने के साथ दो दिसंबर 2026 को पंचायत चुनाव कराने की तैयारी की है। इसके विरोध में ओडिशा ने सुप्रीम कोर्ट में डायरी संख्या 66727/2026 के तहत नई अवमानना याचिका दाखिल की है। इसके अलावा ओडिशा ने मार्च 2023 में मूल वाद संख्या 02/2023 भी दायर किया था, जो अभी लंबित है।

विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति गिनाई

कानूनी लड़ाई के साथ-साथ राज्य सरकार कोटिया में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति दे रही है। मंत्री ने बताया कि उनके नेतृत्व में गठित उच्चस्तरीय समिति की तीसरी समीक्षा बैठक 27 अक्टूबर 2026 को हुई थी। क्षेत्र में अब तक 41.33 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया गया है। स्वीकृत 921 ग्रामीण आवासों में से 641 का निर्माण पूरा हो चुका है। वनाधिकार के तहत 2,499 व्यक्तिगत पट्टों के माध्यम से 3,239.03 एकड़ भूमि प्रदान की गई है। इसके अलावा सामुदायिक वन अधिकार और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार से जुड़े 33 दावों का निपटारा किया गया है।

पेयजल योजना के तहत 2,457 परिवारों के 9,125 लोगों तक पाइप से पानी पहुंचाया जा रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 2,470 राशन कार्डों के माध्यम से 7,544 लाभार्थियों को हर महीने 454.25 क्विंटल खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, 1,673 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत वर्ष 2025-26 में 11,862 लोगों ने बाह्य रोगी विभाग में उपचार कराया और 140 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।

शिक्षा के क्षेत्र में हुआ विकास

शिक्षा के क्षेत्र में कोटिया के 19 विद्यालयों में 1,939 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। विशेष ओडिशा आदर्श विद्यालय, कोटिया में छठी कक्षा की 80 सीटों में से 70 पर विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है। महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 105 समूहों के 1,050 सदस्यों को बैंक ऋण से जोड़ा गया है। इसके तहत 546.72 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।

देवमाली के विकास को 52.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति

मंत्री ने बताया कि देवमाली के समग्र पर्यटन विकास के लिए 52.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। नालको के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत 396.56 लाख रुपये की लागत से 55 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। 26 नवंबर 2026 को आयोजित कोटिया परब के लिए 50 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस चौकी के लिए 30 लाख रुपये की राशि दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2024 के चुनाव में कोटिया क्षेत्र में 76.53 प्रतिशत मतदान हुआ था।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में सात नए सरकारी आईटीआई खुलेंगे

    एआई, ड्रोन और सौर तकनीक के विशेष पाठ्यक्रम होंगे शुरू     बाड़म्बा, …