-
एआई, ड्रोन और सौर तकनीक के विशेष पाठ्यक्रम होंगे शुरू
-
बाड़म्बा, पात्रपुर, रेढ़ाखोल, कुचिंडा, नीलगिरि, लखनपुर और पल्लहड़ा में संस्थानों का निर्माण जारी
-
आठ सरकारी आईटीआई में स्थापित होंगी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रयोगशालाएं
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार राज्य में तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को उद्योगों की नई जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए सात नए सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) स्थापित कर रही है। इन संस्थानों में ड्रोन संचालन, सौर तकनीक, मेकाट्रॉनिक्स और आधुनिक सीएनसी मशीन संचालन जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने शुक्रवार को विधानसभा में राजनगर के विधायक ध्रुव चरण साहू के सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि नए आईटीआई का निर्माण कटक जिले के बाड़म्बा, गंजाम जिले के पात्रपुर, संबलपुर जिले के रेढ़ाखोल और कुचिंडा, बालेश्वर जिले के नीलगिरि, झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर तथा अनुगूल जिले के पल्लहड़ा में किया जा रहा है। इन संस्थानों में सोलर टेक्नीशियन, टेक्नीशियन मेकाट्रॉनिक्स, एडवांस्ड सीएनसी ऑपरेटर और रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट (आरपीए) यानी ड्रोन पायलट जैसे विशेष प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
सरकारी आईटीआई की 99.36 प्रतिशत सीटें भरीं
मंत्री के अनुसार, वर्तमान में राज्य में 72 सरकारी आईटीआई और 388 निजी औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। सरकारी आईटीआई की कुल 24,596 सीटों में से 24,440 सीटें भर चुकी हैं। इस प्रकार सीटों पर दाखिले की दर 99.36 प्रतिशत है। वहीं, निजी प्रशिक्षण केंद्रों की 51,970 सीटों में से 37,014 पर विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इससे सरकारी संस्थानों में व्यावसायिक प्रशिक्षण की बढ़ती मांग का पता चलता है।
45 सरकारी आईटीआई का होगा आधुनिकीकरण
राज्य सरकार सरकारी-निजी भागीदारी और केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से मौजूदा आईटीआई के बुनियादी ढांचे को भी आधुनिक बना रही है। प्रधानमंत्री-सेतु (पीएम-सेतु) योजना के तहत नौ हब-एंड-स्पोक समूहों में शामिल 45 सरकारी आईटीआई का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
इसके तहत कटक समूह में टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से 240.50 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। वहीं, केंदुझर जिले के बड़बिल समूह के लिए जिंदल नवीन अवसर के साथ 240.21 करोड़ रुपये की साझेदारी की गई है।
500 करोड़ की उत्कर्ष आईटीआई योजना
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-28 की अवधि के लिए 500 करोड़ रुपये के प्रावधान वाली उत्कर्ष आईटीआई योजना के तहत पांच क्षेत्रीय आईटीआई को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें राउरकेला, बलांगीर, अंबागुड़ा (कोरापुट), पुरी और राजकनिका (केंद्रापड़ा) के संस्थान शामिल हैं। यहां रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, थ्री-डी प्रिंटिंग और सीएनसी तकनीक में प्रशिक्षण की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके अतिरिक्त एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से पांच अन्य सरकारी आईटीआई का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के सहयोग से 22 सरकारी आईटीआई में आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं, 25 आईटीआई में उत्कृष्टता केंद्रों के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं को उन्नत किया जा रहा है। इसके अलावा आठ सरकारी आईटीआई में जल्द ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की विशेष प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
छात्राओं को मुफ्त प्रशिक्षण और छात्रवृत्ति
तकनीकी शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार सुदक्ष्य योजना चला रही है। इसके तहत छात्राओं को मुफ्त प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और छात्रावास की सुविधा दी जा रही है। सरकारी स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर छात्राओं को तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आईटीआई विद्यार्थियों के प्लेसमेंट पर भी दी जानकारी
मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने बताया कि सरकारी आईटीआई में वर्ष 2023-24 के दौरान प्लेसमेंट दर 51 प्रतिशत और 2024-25 में 36 प्रतिशत रही। वर्ष 2025-26 के शैक्षणिक सत्र में अब तक प्लेसमेंट दर 31 प्रतिशत दर्ज की गई है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की भर्ती के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ प्रक्रिया अभी जारी है और इसमें आगे बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कई विद्यार्थी डिप्लोमा में लेटरल एंट्री के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं। कुछ विद्यार्थी अप्रेंटिसशिप करते हैं, जबकि अन्य पीएम विश्वकर्मा और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं की मदद से स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
