-
मुआवजा राशि बढ़ाकर 8 लाख रुपये
-
केंद्र के संशोधित मानकों के तहत 1 अप्रैल 2026 से मिलेगा बढ़ा हुआ मुआवजा
-
पात्र परिवारों को अतिरिक्त 4 लाख रुपये जारी करने का निर्देश
-
ओडिशा में आकाशीय बिजली से होने वाली मौतों में आई कमी
-
350 से घटकर 147 पर पहुंची संख्या
-
पूर्व चेतावनी प्रणाली, सतर्क मोबाइल ऐप और आधुनिक तकनीक का दिख रहा असर
-
पांच संवेदनशील जिलों में बिजली गिरने का पता लगाने और अलर्ट जारी करने की व्यवस्था लागू
भुवनेश्वर। ओडिशा में इस साल बाढ़, चक्रवात, कालबैसाखी, बवंडर, आकाशीय बिजली, सर्पदंश और डूबने जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण कुल 474 लोगों की मौत हुई है। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने विधानसभा में एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार आपदा में मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये कर दी गई है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
विधायक चक्रधर कंहर के सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया कि बाढ़ के पानी में बहने से सात लोगों की मौत हुई है। वहीं, गंजाम जिले में भूस्खलन से सात लोगों की जान गई है, जबकि छह लोग अब भी लापता हैं। कंधमाल जिले में भी भूस्खलन के कारण तीन लोगों की मौत हुई है।
मंत्री ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन कोष से अब तक प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी गई है। लू से होने वाली मौतों के मामलों में 40 हजार रुपये की सहायता दी गई है। इस मद में कुल 1,842 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुआवजा राशि बढ़ाए जाने के बाद सभी जिला प्रशासनों को पात्र मृतकों के परिजनों को शेष चार लाख रुपये की राशि तत्काल जारी करने का निर्देश दिया गया है।
बिजली गिरने से मौतों की संख्या में उल्लेखनीय कमी
ओडिशा में आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली मौतों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। राज्य सरकार ने पूर्व चेतावनी प्रणाली, आधुनिक तकनीक और समय पर अलर्ट जारी करने की व्यवस्था को मजबूत किया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2019-20 में आकाशीय बिजली से 350 लोगों की मौत हुई थी, जबकि वर्ष 2025-26 में यह संख्या घटकर 147 रह गई। वर्ष 2024-25 में 143 लोगों की मौत दर्ज की गई थी।
चेतावनी जारी करने से जनहानि कम करने में मदद मिली
विधायक राजा स्वाईं के सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं की आवृत्ति और तीव्रता बढ़ने के बावजूद समय पर चेतावनी जारी करने की व्यवस्था से जनहानि को कम करने में मदद मिली है। केंद्र सरकार ने आकाशीय बिजली को राज्य-विशिष्ट आपदा के रूप में मान्यता दी है। इसके तहत मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने का प्रावधान किया गया है।
एसएमएस और मोबाइल ऐप से मिल रही पूर्व चेतावनी
मंत्री ने बताया कि आपदा से पहले लोगों तक सूचना पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (सीएपी) के माध्यम से एसएमएस और सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। इसके तहत चक्रवात, बाढ़ और आकाशीय बिजली से संबंधित चेतावनी लोगों के मोबाइल फोन तक पहुंचाई जाती है। इसके अलावा ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) अपने ‘सतर्क’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अग्रिम चेतावनी जारी कर रहा है।
पांच जिलों में विशेष चेतावनी प्रणाली
आकाशीय बिजली का पूर्वानुमान और चेतावनी व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार राष्ट्रीय वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से आधुनिक तकनीक अपना रही है। इसी क्रम में ओएसडीएमए की ओर से 14 से 16 अक्टूबर 2026 तक भुवनेश्वर में राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें फकीर मोहन विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (एनआरएससी), आईआईटी भुवनेश्वर, आईआईटीएम पुणे और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के विशेषज्ञों ने भाग लेकर अपने सुझाव दिए।
पांच सर्वाधिक संवेदनशील जिलों पर फोकस
मंत्री ने बताया कि एनडीएमए के सहयोग से पांच सर्वाधिक संवेदनशील जिलों मयूरभंज, गंजाम, बालेश्वर, केंदुझर और कटक में बिजली गिरने का पता लगाने और पूर्व चेतावनी जारी करने वाली एमपीएलएएस प्रणाली लागू की जा रही है। सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक और समय पर सूचना के माध्यम से आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम करना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
