Home / Odisha / ओडिशा के समुद्र तटों पर लगेंगे एआई आधारित कैमरे

ओडिशा के समुद्र तटों पर लगेंगे एआई आधारित कैमरे

  • समुद्री तूफानों की मिलेगी रियल टाइम चेतावनी

  • मुख्यमंत्री ने वीडियो कैमरा आधारित स्वचालित बीच मॉनिटरिंग सिस्टम को दी मंजूरी

  • राज्य में राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र का क्षेत्रीय केंद्र भी स्थापित होगा

  • चक्रवात और समुद्री आपदाओं से निपटने की तैयारी होगी और मजबूत

भुवनेश्वर। ओडिशा में समुद्री आपदाओं से निपटने और तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार आधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा के समुद्र तटों पर वीडियो कैमरा आधारित स्वचालित निगरानी प्रणाली स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस व्यवस्था के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कैमरों के माध्यम से समुद्र तटों की लगातार निगरानी की जाएगी और मौसम से जुड़ी जानकारियों के आधार पर समुद्री तूफानों की समय रहते चेतावनी मिल सकेगी।

इस निर्णय के साथ ही राज्य में भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) का एक क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने की भी योजना है। इससे ओडिशा में समुद्र विज्ञान, मौसम संबंधी अध्ययन और समुद्री आपदा प्रबंधन की क्षमताओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

समुद्र तटों की होगी लगातार निगरानी

प्रस्तावित स्वचालित निगरानी प्रणाली से समुद्र तटों की वास्तविक समय में जानकारी उपलब्ध होगी। यह प्रणाली मौसम संबंधी आंकड़ों के साथ समन्वय स्थापित कर समुद्र की स्थिति पर नजर रखेगी। इसके माध्यम से समुद्री तूफानों का अधिक सटीक पूर्वानुमान लगाने और समय पर चेतावनी जारी करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार, इस तकनीक से समुद्र तटों पर बदलती परिस्थितियों की निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करना आसान होगा।

आईएनसीओआईएस के साथ होगा समझौता

इस परियोजना को लागू करने के लिए पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन कार्यरत आईएनसीओआईएस और ओडिशा सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

चक्रवात और समुद्री आपदाओं से निपटने में मिलेगी मदद

उल्लेखनीय है कि ओडिशा का लंबा समुद्री तट चक्रवात, समुद्री तूफान और तूफानी ज्वार जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील है। ऐसे में समुद्र तटों पर लगातार निगरानी और आधुनिक समुद्री सूचना प्रणाली का विकास तटीय समुदायों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सरकार का मानना है कि वीडियो आधारित निगरानी और समुद्री सूचना सेवाओं को एकीकृत करने से आपदा पूर्व चेतावनी तंत्र अधिक प्रभावी होगा। इससे न केवल जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि समुद्री अनुसंधान और महासागर विज्ञान से जुड़े अध्ययनों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा हाउसिंग बोर्ड को बड़ा झटका

    फ्लैट की कीमत में 21 लाख रुपये की बढ़ोतरी रद्द     रेरा …