भुवनेश्वर। ओडिशा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवास एवं शहरी विकास विभाग 23 नवंबर 2026 से घरेलू यात्रा सर्वेक्षण शुरू करने जा रहा है। यह सर्वेक्षण #OdishaOnTheMove अभियान के तहत भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप आर्थिक क्षेत्र में कराया जाएगा। इसका उद्देश्य व्यापक क्षेत्रीय गतिशीलता योजना तैयार करना है, जिसके तहत प्रमुख शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच बेहतर, सुलभ और किफायती परिवहन नेटवर्क विकसित किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान लोगों से उनके दैनिक यात्रा के साधन, सफर में लगने वाला समय, खर्च और परिवहन संबंधी समस्याओं की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए अधिकृत सर्वेक्षणकर्ता घर-घर जाएंगे। नागरिक आधिकारिक क्यूआर कोड के जरिए ऑनलाइन भी अपने सुझाव दे सकेंगे। आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र ने लोगों से सर्वेक्षण में सहयोग करने की अपील की है। वहीं, विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी ने कहा कि प्राप्त आंकड़ों के आधार पर भविष्य की परिवहन योजनाएं और बुनियादी ढांचे के विकास की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। विभाग ने आश्वासन दिया है कि सर्वेक्षण में जुटाई गई सभी जानकारियां गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल परिवहन योजना के लिए किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
