Home / Odisha / ओडिशा के चार आईटीआई प्रशिक्षुओं को प्रधानमंत्री ने किया सम्मानित

ओडिशा के चार आईटीआई प्रशिक्षुओं को प्रधानमंत्री ने किया सम्मानित

  • राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया राज्य का गौरव

  • ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लखनऊ में मिला सम्मान

  • अभिजीत दास ने 600 में 600 अंक हासिल कर बनाया रिकॉर्ड

  • -सुप्रीति महापात्रा बनीं सर्वश्रेष्ठ महिला प्रशिक्षु

भुवनेश्वर। ओडिशा के चार आईटीआई प्रशिक्षुओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में इन चारों प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। इन्हें ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट (एआईटीटी) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देशभर के 52 प्रतिभाशाली प्रशिक्षुओं के साथ सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में कटक स्थित सरकारी आईटीआई के अभिजीत दास, पुरी स्थित सरकारी आईटीआई की सुप्रीति महापात्रा तथा भुवनेश्वर स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एनएसटीआई) की समीदा बेगम और सचिन कुमार शामिल हैं। इन सभी ने अपने-अपने तकनीकी ट्रेड में शानदार प्रदर्शन कर ओडिशा का गौरव बढ़ाया है।

अभिजीत ने वेल्डर ट्रेड में हासिल किए 600 में 600 अंक

कटक सरकारी आईटीआई के प्रशिक्षु अभिजीत दास ने शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) के अंतर्गत वेल्डर ट्रेड में पूर्वी भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु का खिताब हासिल किया। उन्होंने परीक्षा में 600 में से पूरे 600 अंक प्राप्त कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया।

वहीं, पुरी सरकारी आईटीआई की सुप्रीति महापात्रा ने मैकेनिक मोटर व्हीकल ट्रेड में 1,200 में से 1,194 अंक हासिल किए। उन्हें इस ट्रेड में सर्वश्रेष्ठ महिला प्रशिक्षु घोषित किया गया। यह तकनीकी क्षेत्र के प्रतिस्पर्धात्मक ट्रेडों में से एक है।

समीदा बेगम और सचिन कुमार भी पूर्वी भारत में अव्वल

शिल्प प्रशिक्षक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) श्रेणी में भुवनेश्वर स्थित एनएसटीआई की समीदा बेगम और सचिन कुमार को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। समीदा बेगम ने कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन ट्रेड में, जबकि सचिन कुमार ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड में पूर्वी भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु का सम्मान प्राप्त किया। ये सभी उपलब्धियां ओडिशा में तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण की बढ़ती गुणवत्ता को दर्शाती हैं।

आईटीआई के आधुनिकीकरण पर 100 करोड़ रुपये प्रति संस्थान का निवेश

राज्य सरकार ओडिशा के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में बड़े स्तर पर काम कर रही है। इसके तहत 10 सरकारी आईटीआई को लगभग 100 करोड़ रुपये प्रति संस्थान के निवेश से उत्कर्ष आईटीआई के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इसके अलावा, 25 सरकारी आईटीआई में लगभग 200 करोड़ रुपये के निवेश से उद्योग आधारित उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत 22 सरकारी आईटीआई को भी उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। भविष्य की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 13 सरकारी आईटीआई में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रयोगशालाएं भी स्थापित की जा रही हैं।

राज्य सरकार की इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, उद्योगों की मांग के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ भी समारोह में रहे मौजूद

लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री जयंत चौधरी भी उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भुवनेश्वर में बनेगा नौ मंजिला राजस्व भवन

 347.86 करोड़ रुपये होंगे खर्च आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस  राजस्व विभाग के सभी प्रशासनिक …