Home / Odisha / नवीन, पांडियन और आईपीएस रवि कांत के विदेश दौरों की होगी जांच

नवीन, पांडियन और आईपीएस रवि कांत के विदेश दौरों की होगी जांच

  • मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दिए आदेश

  • 2022-23 और 2023-24 के दौरान जापान और इटली की थीं यात्राएं

  • खर्च एवं आरटीआई से मिली जानकारी में कथित विसंगतियों की होगी पड़ताल

  • सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव को सौंपी गई जिम्मेदारी

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, पूर्व आईएएस अधिकारी वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत के विदेश दौरों की औपचारिक जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान किए गए विदेशी दौरों से संबंधित है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सामान्य प्रशासन (जीए) विभाग के प्रधान सचिव को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह कार्रवाई कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से विदेश यात्राओं पर हुए सरकारी खर्च को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद की गई है। कार्यकर्ताओं ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारियों का हवाला देते हुए जापान और इटली की यात्राओं से संबंधित खर्च के विवरण को संदिग्ध, अस्पष्ट और अधूरा बताया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन आधिकारिक यात्राओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया गया, जबकि उपलब्ध वित्तीय रिकॉर्ड में भी विसंगतियां दिखाई दे रही हैं।

मुख्यमंत्री माझी ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच करने और वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है।

बीजद का पलटवार, जांच का स्वागत

इस बीच, बीजू जनता दल (बीजद) ने नवीन पटनायक के विदेश दौरों की जांच के फैसले का स्वागत किया है। बीजद के मीडिया समन्वयक डॉ लेनिन मोहंती ने अपने बयान में कहा कि पार्टी का हमेशा से मानना रहा है कि जनता को हर बात जानने का अधिकार है। पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों में बीजद का विश्वास है और भविष्य में भी पार्टी इन मूल्यों का समर्थन करती रहेगी।

हालांकि, उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जब सरकार खुद को मुश्किल में पाती है, तब वह जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के कदम उठाती है।

24 साल में नवीन ने की थीं केवल दो आधिकारिक विदेश यात्राएं

लेनिन मोहंती ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ओडिशा में अपने 24 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान आधिकारिक तौर पर केवल दो बार विदेश यात्रा की थी। उन्होंने बताया कि नवीन पटनायक की इटली यात्रा विश्व खाद्य कार्यक्रम (वर्ल्ड फूड प्रोग्राम) में शामिल होने और गरीबी कम करने के क्षेत्र में ओडिशा की उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से थी।

वहीं, उनकी जापान यात्रा का उद्देश्य ओडिशा में आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील परियोजना के निवेश का मार्ग प्रशस्त करना था। बीजद का दावा है कि यह राज्य की महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना है, जिसे मौजूदा माझी सरकार प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सफल नहीं हो पाई है।

हेमंत शर्मा की भूमिका पर भी उठाए सवाल

बीजद ने उद्योग विभाग के सचिव हेमंत शर्मा की भूमिका का भी उल्लेख किया है, जिनके पास गृह विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी है। लेनिन मोहंती ने कहा कि हेमंत शर्मा ने वर्तमान मुख्यमंत्री के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की विदेश यात्रा के आयोजन की जिम्मेदारी भी उन्हीं के पास थी।

मौजूदा सरकार में विदेश यात्राओं की जांच की मांग

बीजद ने मांग की है कि यदि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री के विदेश दौरों की जांच करा रही है, तो यही मानदंड वर्तमान मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों पर भी लागू होने चाहिए।

ओडिशा में सत्ता परिवर्तन के बाद विदेश यात्राओं, औद्योगिक निवेश और सरकारी जवाबदेही को लेकर यह मामला राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गया है। अब जांच के निष्कर्षों और सरकार की ओर से बीजद की मांग पर लिए जाने वाले निर्णय पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर रहेगी।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा के समुद्र तटों पर लगेंगे एआई आधारित कैमरे

समुद्री तूफानों की मिलेगी रियल टाइम चेतावनी मुख्यमंत्री ने वीडियो कैमरा आधारित स्वचालित बीच मॉनिटरिंग …