-
रोगियों के अनुभवों को आवाज देने और उनके परिवारों को सहयोग प्रदान करना अभियान का उद्देश्य : स्वास्थ्य मंत्री
भुवनेश्वर। एंकायलोजिंग स्पॉन्डिलाइटिस के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रोगियों के अनुभवों को आवाज देने तथा उनके परिवारों को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से ‘स्वर’ अभियान का शुभारंभ किया गया। भुवनेश्वर के गीतगोविंद सदन में ओडिशा आर्थराइटिस एंड रूमेटोलॉजी फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग शामिल हुए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ‘स्वर’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक अभिनव सामाजिक पहल है। इसके माध्यम से बीमारी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रोगियों और उनके परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए आयोजक संस्था के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
एंकायलोजिंग स्पॉन्डिलाइटिस एक दीर्घकालिक सूजन संबंधी गठिया रोग है, जो मुख्य रूप से रीढ़ की हड्डी और उससे जुड़े जोड़ों को प्रभावित करता है। सामान्यतः इसके लक्षण 45 वर्ष की आयु से पहले दिखाई दे सकते हैं। पीठ और कमर में लंबे समय तक दर्द, सुबह शरीर में अकड़न तथा चलने-फिरने में परेशानी इसके प्रमुख लक्षण हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि समय पर लक्षणों की पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और नियमित उपचार से दर्द को नियंत्रित करने के साथ-साथ शरीर की गतिशीलता तथा स्वतंत्र जीवनशैली बनाए रखना संभव है।
‘इलाज के साथ विश्वास, जीवन में नई आशा’ और ‘जागरूकता से बदलाव-उठे आवाज, जागे समाज’ जैसे संदेशों के माध्यम से रोगियों, उनके परिवारों और समाज के बीच जागरूकता एवं सहयोग का सेतु बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में कोरेई के विधायक आकाश दास नायक, एकाम्र के विधायक बाबू सिंह, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभना महंती, वरिष्ठ नेता जे. प्रधान, फाउंडेशन के संस्थापक ज्योतिरंजन परिडा सहित संस्था के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
