Home / Odisha / भगवान जगन्नाथ के 0.115 एकड़ भूमि का स्वामित्व मंदिर के नाम बहाल

भगवान जगन्नाथ के 0.115 एकड़ भूमि का स्वामित्व मंदिर के नाम बहाल

  • 1997 से लंबित एबेटमेंट मामले का हुआ निपटारा

  • 19 खातों के अंतर्गत 29 प्लॉट के भूमि रिकॉर्ड में संशोधन

भुवनेश्वर। भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु की भूमि संपत्तियों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ओडिशा के राजस्व विभाग ने पुरी तहसील के बड़ देउल साही मौजा में वर्ष 1997 से लंबित एबेटमेंट मामले का निपटारा कर दिया है। इसके बाद संबंधित भूमि के अधिकार अभिलेख (आरओआर) में आवश्यक संशोधन किया गया है।

इस कार्रवाई के तहत निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कुल 0.115 एकड़ भूमि का स्वामित्व भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु के नाम बहाल किया गया है। इसके अंतर्गत 19 खातों के अधीन आने वाले 29 प्लॉट के भूमि रिकॉर्ड में संशोधन कर उन्हें श्रीजगन्नाथ महाप्रभु बिजे क्षेत्र के नाम दर्ज किया गया है। यह संपत्ति पुरी स्थित श्रीमंदिर परिचालना समिति के प्रतिनिधित्व में भगवान के नाम पर दर्ज की गई है।

उल्लेखनीय है कि बड़ा देउल साही मौजा राज्य की राजस्व प्रशासनिक व्यवस्था में विशिष्ट स्थान रखता है। यह मौजा पवित्र नगरी पुरी में स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर के लिए विशेष रूप से अस्तित्व में है।

राजस्व विभाग में श्रीजगन्नाथ महाप्रभु भूमि प्रकोष्ठ (लैंड सेल) की स्थापना के बाद महाप्रभु की भूमि संपत्तियों की पहचान, सुरक्षा और पुनर्बहाली के प्रयासों में तेजी आई है। इस पहल के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर महाप्रभु की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने तथा भूमि अभिलेखों को उनके नाम पर बहाल करने में उल्लेखनीय सफलता मिली है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के मार्गदर्शन तथा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं श्रीजगन्नाथ मंदिर के मुख्य प्रशासक डॉ अरविंद कुमार पाढ़ी के निरंतर प्रयासों से राजस्व विभाग महाप्रभु की बहुमूल्य भूमि संपत्तियों की सुरक्षा, संरक्षण, अभिलेखों के उचित रखरखाव और पुनर्बहाली के लिए लगातार कदम उठा रहा है।

इस उपलब्धि को महाप्रभु की भूमि संपत्तियों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक डॉ. पाढ़ी ने इस कार्य में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी लोगों के लिए भगवान श्रीजगन्नाथ से आशीर्वाद की कामना भी की है।

Share this news

About desk

Check Also

शहीद लक्ष्मण नायक का बलिदान और संघर्ष गाथा प्रेरणा का प्रतीक : मनमोहन

 शहीद लक्ष्मण नायक की 127वीं जयंती पर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि भुवनेश्वर। …