-
22 से 24 नवंबर तक लागू रहेगा विशेष रूट प्लान
पुरी। पंचुका और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पुरी पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुरी पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह विशेष यातायात व्यवस्था 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य शहर में वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखना और श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ के दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है। पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाली बसों, चारपहिया वाहनों, दोपहिया वाहनों और ऑटो रिक्शा के लिए विशेष रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
बसों के लिए निर्धारित रूट और पार्किंग
अंतरराज्यीय पर्यटक बसों को मालतीपतपुर न्यू बस स्टैंड में पार्क करना होगा, जबकि स्थानीय पर्यटक बसें तालबनिया मैदान में यात्रियों को उतारेंगी और वहीं से निर्धारित मार्गों से वापस जाएंगी। भुवनेश्वर और कटक से आने वाली नियमित बसें बीरा हरेकृष्णपुर, चारिनाला, अठरनाला, मेडिकल चौक और बड़शंख होते हुए म्युनिसिपैलिटी बस स्टैंड पहुंचेंगी। वापसी के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। कोणार्क और ब्रह्मगिरी से आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। टाउन बसें मालतीपतपुर न्यू बस स्टैंड, म्युनिसिपैलिटी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और तालबनिया के बीच चलेंगी।
चारपहिया वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था
भुवनेश्वर की ओर से आने वाले निजी चारपहिया वाहन जेबीपीसी पार्किंग में पार्क किए जा सकेंगे। इसके लिए हरेकृष्णपुर चौक और श्रीसेतु ओवरब्रिज का इस्तेमाल करना होगा। पार्किंग भरने की स्थिति में वाहनों को जेल रोड पार्किंग और उसके बाद शरधाबाली पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। ब्रह्मगिरी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी जेबीपीसी पार्किंग निर्धारित की गई है। समुद्र तट जाने वाले वाहन यात्रीका पार्किंग का इस्तेमाल कर सकेंगे। कोणार्क की ओर से आने वाले वाहनों को दिगबारेणी पार्किंग और ब्लू फ्लैग बीच पार्किंग में जगह दी जाएगी। हालांकि, 23 और 24 नवंबर को दिगबारेणी में चारपहिया वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। समुद्र तट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए लोकनाथ मंदिर पार्किंग और यात्रीका पार्किंग निर्धारित की गई है।
दोपहिया और ऑटो रिक्शा के लिए प्रतिबंध
भुवनेश्वर की ओर से आने वाले दोपहिया वाहन और ऑटो रिक्शा अठरनाला, मेडिकल चौक और ग्रैंड रोड होते हुए मार्केट चौक तक पहुंचेंगे। इनके लिए म्युनिसिपैलिटी मार्केट कॉम्प्लेक्स और ओल्ड जगन्नाथ बल्लभ पार्किंग निर्धारित की गई है। मंदिर के आसपास भी कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। मार्केट चौक से मंदिर की ओर आगे दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह संधा चौक से गंडुआ चौरा और सोलाखिया बरगाछा से काकुड़ी खाई चौक तक दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। ऑटो रिक्शा को बलगंडी से मंदिर की ओर, संधा चौक से गंडुआ चौरा, सोलाखिया बरगाछा से काकुड़ी खाई तथा मोची साही से जान्ही मुंडिया चौक तक जाने की अनुमति नहीं होगी।
आपातकालीन वाहनों को छूट
पुलिस के अनुसार, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है। पुरी पुलिस ने स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में लोग हेल्पलाइन नंबर 112 या 6370967100 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुरी आने से पहले निर्धारित पार्किंग और यातायात मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि पंचुका और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान दर्शन एवं यात्रा सुगम बनी रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
