-
-सुरक्षा में तैनात रहेंगी सात एस्कॉर्ट नौकाएं
-
24 नवंबर को ऐतिहासिक बालियात्रा का करेंगी उद्घाटन
-
भारतीय नौसेना की नौका करेगी राष्ट्रपति की नाव की अगुवाई
-
कटक नगर निगम के 150वें स्थापना वर्ष समारोह में भी होंगी शामिल
भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 नवंबर को कटक के ऐतिहासिक बालियात्रा महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार राष्ट्रपति का बालियात्रा स्थल तक पहुंचने का सफर भी खास होगा। वह सड़क मार्ग के बजाय नाव से महानदी के रास्ते महोत्सव स्थल पहुंचेंगी। उनकी सुरक्षा के लिए सात नौकाएं साथ चलेंगी, जबकि भारतीय नौसेना की एक नौका इस पूरे काफिले की अगुवाई करेगी।
बोटिंग क्लब से अस्थायी घाट तक करेंगी नौका यात्रा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोटिंग क्लब से नाव के जरिए कटक इन कटक के पिछले प्रवेश द्वार के पास बनाए गए अस्थायी गड़गड़िया घाट तक पहुंचेंगी। वहां से वह निर्धारित मार्ग से ओरमास क्षेत्र जाएंगी और इसके बाद गणकवि बैष्णव पाणि मंच पर पहुंचकर बालियात्रा महोत्सव का उद्घाटन करेंगी।
राष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान उनके साथ उनकी बेटी, चिकित्सक और सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कटक के अतिरिक्त जिलाधिकारी दिव्यलोचन महांता ने बताया कि राष्ट्रपति की नौका यात्रा से लेकर महोत्सव स्थल तक पहुंचने की पूरी व्यवस्था निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जा रही है।
भारतीय नौसेना और ओड्राफ की नौकाएं रहेंगी सुरक्षा में तैनात
राष्ट्रपति की यात्रा के लिए ‘कलिंग तारिणी’ नामक नौका को तैयार किया जा रहा है। उनकी नौका के साथ सात अन्य नौकाएं सुरक्षा घेरे में रहेंगी। भारतीय नौसेना की नौका सबसे आगे रहेगी। इसके अलावा अग्निशमन सेवा विभाग और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओड्राफ) की नौकाएं भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगी।
नौका संचालक जितेश प्रधान के अनुसार, राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी, चिकित्सक और सुरक्षा कर्मियों सहित लगभग 14 से 15 लोग सवार रहेंगे। नौका की रंगाई का काम पूरा होने के बाद भारतीय नौसेना और राष्ट्रपति की सुरक्षा टीम इसका निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान यदि किसी तरह के बदलाव या अतिरिक्त व्यवस्था की जरूरत महसूस होती है तो उसे पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का उनकी नौका से सफर करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। नौका को पूरी तरह सुरक्षित और यात्रा के अनुकूल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
बारिश से क्षतिग्रस्त बालियात्रा मैदान को दुरुस्त करने की तैयारी
इधर, भारी बारिश के कारण बालियात्रा मैदान को हुए नुकसान की भरपाई के लिए जिला प्रशासन तेजी से काम कर रहा है। 24 नवंबर को महोत्सव के उद्घाटन से पहले मैदान को दुरुस्त करने और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कटक नगर निगम (सीएमसी) के 150वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भी शामिल होंगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
