Home / Odisha / चक्रवात अकवान के बीच 2,316 घरों में गूंजी किलकारी

चक्रवात अकवान के बीच 2,316 घरों में गूंजी किलकारी

  •     सुरक्षित प्रसव कराकर ओडिशा ने पेश की मिसाल

  •     12,305 गर्भवती महिलाओं की हुई पहचान

  •     5,674 को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

  •     सभी माताएं और नवजात स्वस्थ

भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान की तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से जब पूरा ओडिशा प्राकृतिक आपदा से मुकाबला कर रहा था, तब राज्य के अस्पतालों और स्वास्थ्यकर्मियों के सामने एक और बड़ी जिम्मेदारी थी- मां और गर्भ में पल रहे बच्चे की जिंदगी सुरक्षित रखना। इस चुनौती के बीच ओडिशा में 2,316 गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया। आपदा के कठिन हालात में 2,316 घरों में नवजीवन की किलकारी गूंजी। राज्य सरकार के अनुसार, सभी माताएं और नवजात शिशु स्वस्थ हैं।

राजीव भवन स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चक्रवात से पहले प्रशासन ने राज्यभर में 12,305 गर्भवती महिलाओं की पहचान की थी। इनमें से 5,674 महिलाओं को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 2,316 महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया।

आपदा प्रबंधन के साथ मातृत्व सुरक्षा पर भी विशेष जोर

चक्रवात के दौरान प्रशासन के सामने केवल लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की चुनौती नहीं थी, बल्कि गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता थी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और राहत दलों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को पहले से चिह्नित कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई, ताकि खराब मौसम के कारण प्रसव के समय किसी तरह की चिकित्सा बाधा उत्पन्न न हो।

चक्रवात अर्णव के दौरान 399 बच्चों ने लिया था जन्म

इससे पहले चक्रवात अर्णव के दौरान भी ओडिशा में गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया था। उस दौरान 807 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया था, जिनमें से 399 महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया था।

अकवान के दौरान सुरक्षित प्रसव का आंकड़ा 2,316 तक पहुंचना आपदा के समय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत को रेखांकित करता है। प्राकृतिक आपदा के बीच इन नवजातों का सुरक्षित दुनिया में आना स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासन और राहत दलों के समन्वित प्रयासों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

चक्रवात अकवान ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंचा

निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील, असर कमजोर बालेश्वर में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर बारिश, नयागढ़ …