Home / Odisha / चक्रवात अकवान से नुकसान का आकलन और बहाली कार्य जारी

चक्रवात अकवान से नुकसान का आकलन और बहाली कार्य जारी

  • हालात से हुआ सफल मुकाबला, ओडिशा में स्थिति सामान्य – एसआरसी

  • कहा-सामूहिक प्रयास और जन-जागरूकता से चक्रवात का प्रभाव नियंत्रित

  • बड़े नुकसान की आशंका टली

  • सरकार दीर्घकालिक आपदा प्रबंधन रणनीति पर भी कर रही काम

भुवनेश्वर। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से ओडिशा में फिलहाल स्थिति सामान्य है। राज्य सरकार ने चक्रवात और भारी बारिश से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की थीं, जिसके परिणामस्वरूप बड़े नुकसान की आशंका को टालने में सफलता मिली। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन तथा पुनर्बहाली कार्य जारी है।

राज्य विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश प्रभाकर पाटिल ने शनिवार को राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि चक्रवात के प्रभाव का आकलन अनुमान से कम रहा है। चक्रवात अब ओडिशा में निम्न दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है। विभिन्न जिलों में बारिश हुई, लेकिन कहीं भी चिंताजनक स्थिति नहीं है।

उन्होंने बताया कि चक्रवात ‘अकवान’ प्रारंभिक तौर पर आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने वाला था, लेकिन 18 नवंबर को अचानक इसकी दिशा ओडिशा की ओर मुड़ गई। इसके बाद राज्य सरकार ने लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल व्यापक तैयारियां शुरू कर दीं।

गंजाम, गजपति, पुरी, केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर सहित संभावित प्रभावित जिलों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई। महज 24 घंटे के भीतर बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन विभिन्न विभागों और एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

मुख्यमंत्री, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री, मुख्य सचिव तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम भावना के साथ काम किया। मीडिया के माध्यम से समय पर सटीक दिशा-निर्देश लोगों तक पहुंचाए जाने से भी स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली। एसआरसी ने कहा कि सामूहिक प्रयास और जन-जागरूकता के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान से बचा जा सका।

अधिकांश जिलों में 50 मिमी से कम बारिश

एसआरसी के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश 50 मिमी से कम दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई, लेकिन जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को सामान्य बनाया।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, कटक जिले में औसतन 53.5 मिमी तथा केंद्रापड़ा में 51.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। खुर्दा में 30.7 मिमी, पुरी में 24.4 मिमी और गंजाम में 23 मिमी औसत बारिश हुई। गजपति जिले में सबसे कम 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई है।

फसल क्षति का आकलन, प्रभावितों को मिलेगी सहायता

चक्रवात और बारिश के कारण जिन क्षेत्रों में कृषि फसलों को नुकसान हुआ है, वहां जल्द ही क्षति का आकलन किया जाएगा। प्रभावित किसानों और अन्य लोगों को सरकारी नियमों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके साथ ही राज्य सरकार भूस्खलन और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दीर्घकालिक रणनीति तैयार कर रही है, ताकि भविष्य में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

एसआरसी ने चक्रवात से निपटने में सहयोग करने वाले मीडिया प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों और आम जनता के प्रति राज्य सरकार की ओर से आभार व्यक्त किया।

जल संसाधन विभाग अलर्ट, बांधों और तटबंधों की निगरानी

चक्रवात के लैंडफॉल के बाद ओडिशा में कई नदी बेसिनों एवं जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश जारी रहने के मद्देनजर जल संसाधन विभाग ने बांधों, जलाशयों, नदियों, तटबंधों तथा संवेदनशील गांवों की चौबीसों घंटे निगरानी तेज कर दी है।

विभाग के अनुसार मैदानी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए जलाशयों के जलस्तर, नदियों के प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी की रही है, ताकि बाढ़ की आशंका उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें। महत्वपूर्ण बांधों, जलाशयों, तटबंधों और नदी क्षेत्रों में इंजीनियरों एवं तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विभागीय टीमें जिला प्रशासन, तहसीलदारों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों के साथ समन्वय कर सतर्कता एवं जनजागरूकता अभियान चला रही हैं।

धनेई बांध में जलस्तर की लगातार निगरानी

धनेई बांध में जलप्रवाह, निकासी एवं जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (ऋषिकुल्या बेसिन) तथा अधीक्षण अभियंता (ब्रह्मपुर सिंचाई मंडल) ने बांध का निरीक्षण कर तैयारियों एवं सुरक्षा उपायों की समीक्षा की है। धनेई और बाघुआ नदियों के साथ कपाघाई एनीकट तथा बाघुआ लेफ्ट फ्लड बैंक के संवेदनशील हिस्सों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय प्रशासन, सरपंचों एवं ग्रामीणों के सहयोग से माइक के जरिए लोगों को सतर्क रहने की जानकारी दी जा रही है।

मैदानी टीमें पूरी रात रहीं तैनात

मैदानी टीमें पूरी रात तैनात रहकर संवेदनशील नदी एवं नहर क्षेत्रों, धनेई बांध, जयमंगल एनीकट तथा पुरुषोत्तमपुर के कुमारी गांव के निकट रुषिकुल्या लेफ्ट फ्लड बैंक पर गश्त और निगरानी करती रही हैं। कुमारी में मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। मरम्मत किए गए हिस्से की स्थिरता सुनिश्चित करने तथा संभावित कमजोरियों का पता लगाने के लिए नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

चक्रवात अकवान के बीच 2,316 घरों में गूंजी किलकारी

    सुरक्षित प्रसव कराकर ओडिशा ने पेश की मिसाल     12,305 गर्भवती महिलाओं …