-
4.40 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला
-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ समीक्षा बैठक के बाद राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने दी जानकारी
-
बालेश्वर और मयूरभंज में भारी बारिश की चेतावनी
भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान के प्रभाव से ओडिशा में किसी बड़ी जनहानि या बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान की सूचना नहीं है। राज्य सरकार की समय रहते की गई तैयारियों और राहत-बचाव कार्यों के चलते 4 लाख 40 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राजीव भवन स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से किसी बड़ी जनहानि और बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान से बचाने में सफलता मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रविवार सुबह तक ओडिशा में जनजीवन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।
तट से टकराने के बाद कमजोर हुआ चक्रवात
मंत्री के अनुसार, चक्रवात अकवान ने गोपालपुर के निकट 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा की गति के साथ तट को पार किया। इसके बाद यह उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर होकर डिप डिप्रेशन और फिर डिप्रेशन में बदल गया। मौसम संबंधी आकलन के अनुसार, इसके नयागढ़, अनुगूल और संबलपुर होते हुए झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है।
कुछ जिलों में बारिश का खतरा
हालांकि, अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी और तटीय ओडिशा के कुछ जिलों में बारिश का खतरा बना हुआ है। बालेश्वर और मयूरभंज में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं, केंदुझर, जाजपुर, ढेंकानाल, कटक, पुरी, खुर्दा और गंजाम में छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।
झारखंड सरकार से भी किया गया समन्वय
पड़ोसी राज्य झारखंड में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ओडिशा सरकार ने वहां के जल संसाधन विभाग के सचिव के साथ समन्वय स्थापित किया है। मंत्री ने बताया कि झारखंड सरकार ने आश्वासन दिया है कि वहां के बांधों में पर्याप्त जल भंडारण क्षमता उपलब्ध है और निचले इलाकों की ओर अतिरिक्त पानी नहीं छोड़ा जाएगा।
4.40 लाख से अधिक को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
चक्रवात के खतरे को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और विशेष राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से समय रहते चेतावनी जारी की गई थी। गंजाम, गजपति और पुरी सहित कई जिलों को रेड जोन में रखा गया था, जबकि अन्य जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए थे।
राज्य के 20 जिलों के 197 ब्लॉक और 56 शहरी स्थानीय निकायों में 6,201 संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की गई थी। इन इलाकों से कुल 4,40,461 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए चिह्नित 10 हजार आश्रय स्थलों में से 3,653 को चालू किया गया था। इन केंद्रों पर भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।
सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे
राज्य की प्रमुख नदियों महानदी, देवी, कुषभद्रा, इब, ब्राह्मणी, बैतरणी, बूढ़ाबलंग, स्वर्णरेखा, जलका और पुरुषोत्तमपुर में रुशिकुल्या का जलस्तर खतरे और चेतावनी के निशान से नीचे बना हुआ है। हालांकि, बालेश्वर और मयूरभंज में संभावित भारी बारिश को देखते हुए नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
15 से 20 स्थानों पर सड़कें अवरुद्ध, तत्काल बहाली
चक्रवात के प्रभाव से राज्य में 15 से 20 स्थानों पर मामूली भूस्खलन और पेड़ों की डालियां गिरने से सड़क आवागमन बाधित हुआ था। अग्निशमन सेवा, एनडीआरएफ और ओड्राफ की टीमों ने तत्काल कार्रवाई कर रास्तों को साफ कराया। ग्रामीण विकास और निर्माण विभाग ने सड़कों तथा सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं दी है। खराब मौसम के कारण अस्थायी रूप से प्रभावित रेल और हवाई सेवाओं को भी चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने रात दो बजे तक की हालात की निगरानी
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चक्रवात की स्थिति पर लगातार नजर रखी। वे शुक्रवार रात दो बजे तक राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र में मौजूद रहे। शनिवार को भी सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक अधिकारियों के साथ समीक्षा कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान वे जिला कलेक्टरों के साथ लगातार संपर्क में रहे।
मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा सांसदों, विधायकों, जिला कलेक्टरों तथा पुलिस अधीक्षकों ने भी प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी की। बुजुर्गों और अन्य कमजोर वर्गों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
राज्य विशेष राहत आयुक्त कार्यालय और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में स्थापित नियंत्रण कक्ष भी लगातार सक्रिय हैं। इनके माध्यम से मीडिया में प्रसारित खबरों और शिकायतों का सत्यापन कर त्वरित समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
