-
नशामुक्ति, युवा नेतृत्व और विकसित भारत@2047 के संकल्प पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
भुवनेश्वर । केंद्रीय विश्वविद्यालय ओडिशा, कोरापुट में गुरुवार को विकसित भारत युवा संसद 2026-27 के तहत ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत जिला युवा कार्यालय, माई भारत, कोरापुट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत@2047 के लक्ष्य में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजीत कुमार शासनी ने राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
जिला युवा अधिकारी टी. मनेश्विनी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों और महत्व की जानकारी देते हुए नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. रामेंद्र कुमार पाढी ने स्वागत भाषण में युवा सहभागिता, नेतृत्व और सामूहिक जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता में अर्थशास्त्र विभाग की रेणुस्मिता मेहर ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए ‘नशामुक्त युवा एंबेसडर पुरस्कार’ प्राप्त किया। समाजशास्त्र विभाग की अन्वेषा अनमोल दूसरे स्थान पर रहीं और उन्हें ‘श्रेष्ठ युवा नेतृत्व विचार पुरस्कार’ दिया गया। वानिकी विभाग के अश्रीत आयुष्मान प्रधान ने तीसरा स्थान प्राप्त कर ‘श्रेष्ठ जागरूकता प्रचारक पुरस्कार’ हासिल किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजनयुलु थोटापल्ली ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
