-
गंजाम में सर्वाधिक 114.6 मिमी बारिश, 12,294 गर्भवती महिलाओं की पहचान; 4,470 को अस्पतालों और मातृ गृहों में पहुंचाया गया
भुवनेश्वर । पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अकवान’ के लैंडफॉल के दौरान ओडिशा के विभिन्न जिलों में स्थिति नियंत्रण में है। अब तक राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 3 लाख 72 हजार लोगों को चक्रवात एवं बाढ़ की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों में पहुंचाया गया है। इनमें से लगभग 10,010 लोगों को फिलहाल आश्रय केंद्रों में रखा गया है।
राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने शुक्रवार सुबह राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) में स्थिति की समीक्षा के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से राज्य के सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, अब तक किसी भी जिले से किसी बड़ी समस्या या गंभीर स्थिति की सूचना नहीं मिली है।
मुख्य सचिव ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार समुद्र में हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि बीच-बीच में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंके चल रहे थे। स्थलभाग से टकराने के बाद हवा की गति धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।
गंजाम में सर्वाधिक 114.6 मिमी बारिश
शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक दर्ज वर्षा के आंकड़ों के अनुसार गंजाम जिले में सर्वाधिक 114.6 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा केंद्रापड़ा में 64.6 मिमी, पुरी में 61.1 मिमी, जगतसिंहपुर में 51.3 मिमी, भद्रक में 50.9 मिमी, मयूरभंज में 43.9 मिमी, बालेश्वर में 43.7 मिमी और कटक में 40.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसी तरह जाजपुर में 37.5 मिमी, नयागढ़ में 33.8 मिमी, कंधमाल में 33.5 मिमी, ढेंकानाल में 32.4 मिमी, क्योंझर में 29.8 मिमी, खुर्दा में 24.5 मिमी, बलांगीर में 24.4 मिमी और गजपति में 21.9 मिमी बारिश हुई।
गंजाम से सर्वाधिक 1.54 लाख लोगों का विस्थापन
मुख्य सचिव ने बताया कि अब तक गंजाम जिले से सर्वाधिक 1,54,290 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इसके अलावा केंद्रापड़ा से 51,956, पुरी से 40,295, गजपति से 28,693 और खुर्दा जिले से 23,061 लोगों को स्थानांतरित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों के जिलाधीश और वरिष्ठ अधिकारी पूरी रात नियंत्रण कक्षों में मौजूद रहकर चक्रवात प्रबंधन एवं राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। राज्य स्तर से विभिन्न जिलों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी लगातार समन्वय बनाए रखा गया और आवश्यक कदम उठाए गए।
ब्रह्मपुर और दिगपहंडी में जल निकासी के इंतजाम
मुख्य सचिव ने बताया कि भारी बारिश के कारण ब्रह्मपुर और दिगपहंडी जैसे शहरी क्षेत्रों की सड़कों पर पानी जमा होने की स्थिति बनी थी। इससे निपटने के लिए जल निकासी की व्यवस्था की गई है। इसके लिए मोटर पंप सहित आवश्यक उपकरणों के साथ विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार काम कर रही हैं।
4,470 गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया
चक्रवात के मद्देनजर राज्य में 12,294 गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई थी। इनमें से 4,470 महिलाओं को अस्पतालों और मातृ गृहों में स्थानांतरित किया गया है। अब तक 1,450 बच्चों का जन्म हुआ है। मुख्य सचिव ने बताया कि सभी माताएं और नवजात शिशु सुरक्षित हैं।
मुख्यमंत्री ने एसईओसी पहुंचकर की समीक्षा
इस बीच मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शुक्रवार को पूर्वाह्न 11.45 बजे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और चक्रवात की दिशा एवं मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी, मुख्य सचिव अनु गर्ग तथा विभिन्न विभागों के सचिव उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से चक्रवात के प्रभाव, राहत एवं बचाव कार्यों और विभिन्न जिलों की तैयारियों की जानकारी ली। राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
