-
पहले समर्थन का ऐलान, फिर पीछे हटी बीजद
-
कांग्रेस ने साधा निशाना
-
संतोष सिंह सालुजा बोले- ‘दिल्ली से फोन आया तो डर गई बीजद’
भुवनेश्वर। ओडिशा में गुरुवार को प्रस्तावित राज्यव्यापी बंद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बंद के समर्थन को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) के रुख में बदलाव के बाद कांग्रेस ने उस पर तीखा हमला बोला है। बीजद की वरिष्ठ नेता और मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक ने बुधवार को स्पष्ट किया कि पार्टी राज्यव्यापी बंद का समर्थन नहीं करेगी। खास बात यह है कि इससे पहले बीजद की ओर से कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित बंद का समर्थन करने और इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही गई थी।
बीजद के रुख में अचानक बदलाव पर सवाल
बीजद के रुख में अचानक आए बदलाव को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता संतोष सिंह सालुजा ने बीजद पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी पहले बंद के समर्थन में थी, लेकिन बाद में अपना रुख बदल लिया।
सालुजा ने आरोप लगाया कि “दिल्ली से फोन आया तो बीजद डर गया” और इसी वजह से पार्टी ने बंद से दूरी बना ली। उन्होंने बीजद के बदले हुए रुख को लेकर पार्टी की राजनीतिक भूमिका पर भी सवाल उठाए।
बंद को लेकर विपक्ष के समक्ष बड़ी चुनौती
कांग्रेस की ओर से बुलाए गए राज्यव्यापी बंद को लेकर अब विपक्षी राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। एक ओर कांग्रेस बंद को सफल बनाने की तैयारी में जुटी है, वहीं बीजद ने अब इससे खुद को अलग कर लिया है।
बीजद के पहले समर्थन और बाद में पीछे हटने के घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में बहस को तेज कर दिया है। कांग्रेस ने इसे बीजद का दोहरे मापदंड वाला रुख बताते हुए निशाना साधा है। वहीं, बीजद के नए रुख के बाद बंद के दौरान राज्य में विपक्षी दलों के बीच समन्वय को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
बीजद ने करीब आधे घंटे में अपना रुख बदला
बीजद ने करीब आधे घंटे के भीतर बंद को लेकर अपना रुख बदला। दिन में नवीन निवास से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मल्लिक ने कहा था कि बीजद गुरुवार के बंद का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा था कि पार्टी नई दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के आंदोलन का पहले ही समर्थन कर चुकी है।
हालांकि, कुछ ही देर बाद मीडिया से दोबारा बातचीत में मल्लिक ने पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि बीजद बंद का समर्थन नहीं करेगा।
बीजद किसी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा नहीं
मल्लिक ने यह भी दोहराया कि बीजद किसी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा नहीं है और वह भारतीय जनता पार्टी तथा कांग्रेस, दोनों से समान दूरी की नीति पर कायम है। उन्होंने कहा कि बीजद किसी मोर्चे में नहीं है। हम समान दूरी की नीति में विश्वास करते हैं।
बीजद दिशाहीन पार्टी – संतोष सिंह सालुजा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष सिंह सालुजा ने आरोप लगाया कि बीजद दिशाहीन पार्टी है और उसे भारतीय जनता पार्टी के साथ रहने की आदत है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजद पर भाजपा का दबाव है। सालुजा ने आरोप लगाया कि बीजद लगातार दोहरे मापदंड की राजनीति अपना रही है। बीजद का बार-बार अपना रुख बदलना उसकी राजनीतिक असमंजस की स्थिति को दर्शाता है। कांग्रेस नेता ने बंद के मुद्दे पर बीजद के बदले हुए रुख को लेकर पार्टी पर निशाना साधा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
