-
सुबह 6 से शाम 6 बजे तक रहेगा 12 घंटे का बंद
-
बीजद ने विपक्षी दलों के गठबंधन से किया किनारा
-
यातायात और बाजारों पर पड़ सकता है असर
भुवनेश्वर। ओडिशा में गुरुवार को 12 घंटे के आहूत बंद के बीच विपक्ष दल दो फाड़ में बट गया है। 8 अक्टूबर को विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की ओर से 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक प्रस्तावित है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के नेतृत्व में सीपीआई, सीपीआई(एम), सीपीआई(एमएल) लिबरेशन, फॉरवर्ड ब्लॉक, एनसीपी (शरद पवार), समाजवादी पार्टी और आरजेडी सहित सहयोगी दल बंद में शामिल होंगे। इस बीच बीजद ने खुद को किनारा कर लिया है।
भुवनेश्वर में विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास के आसपास हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रशासन ने प्रमुख शहरों और संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
तीन मुद्दों को लेकर बुलाया गया है बंद
विपक्षी गठबंधन ने बंद के पीछे तीन प्रमुख मुद्दे बताए हैं। इनमें माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) संशोधन अधिनियम 2026 को वापस लेने की मांग शामिल है। विपक्ष का आरोप है कि इससे प्राकृतिक संसाधनों पर राज्यों के अधिकार और वित्तीय स्वायत्तता प्रभावित होगी तथा खनिज संपदा वाले क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदायों पर भी असर पड़ेगा।
इसके अलावा विपक्ष ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची की प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं।
कक्षा 1 से 8 तक की स्कूली पाठ्यपुस्तकों में सामने आई कथित तथ्यात्मक त्रुटियों को लेकर भी विपक्ष ने राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
बस, ऑटो और टैक्सी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका
बंद का सबसे अधिक असर सार्वजनिक परिवहन पर पड़ने की संभावना है। भुवनेश्वर, कटक, संबलपुर और राउरकेला सहित प्रमुख शहरों में निजी बसों, ऑटो-रिक्शा और टैक्सी सेवाओं का परिचालन प्रभावित हो सकता है। प्रदर्शनकारियों की ओर से सड़क जाम या पिकेटिंग किए जाने की स्थिति में राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात बाधित होने की आशंका है।
लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को गैर-जरूरी यात्राएं टालने या यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करने की सलाह दी गई है।
बाजार और निजी संस्थानों पर भी असर संभव
बंद के दौरान बाजार, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहने या सीमित गतिविधियों के साथ संचालित होने की संभावना है। विपक्षी नेताओं ने व्यापारिक संगठनों और व्यापारी समूहों से बंद को स्वैच्छिक समर्थन देने की अपील की है। निजी कार्यालयों में भी कर्मचारियों की उपस्थिति प्रभावित हो सकती है।
स्कूलों को लेकर राज्यभर में सभी संस्थानों के लिए बंद रखने का कोई एक समान सरकारी आदेश जारी नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ निजी संस्थानों और कॉलेजों ने सुरक्षा को देखते हुए ऑनलाइन कक्षाओं या देर से संस्थान खोलने की व्यवस्था की है।
अस्पताल, एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं रहेंगी चालू
बंद आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है। एंबुलेंस, अस्पताल, दवा दुकानें और स्वास्थ्य जांच केंद्रों के अलावा अग्निशमन सेवा, जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था से संबंधित सेवाएं जारी रहेंगी। दूध और आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने वाले वाहनों को भी छूट दी गई है।
रेलवे स्टेशन और सरकारी प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई
ओडिशा के गृह विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा है। रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल, महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
प्रशासन का जोर प्रदर्शन के दौरान जबरन दुकानें बंद कराने, यातायात रोकने या किसी प्रकार की हिंसक झड़प को रोकने पर रहेगा। शहरों के संवेदनशील मार्गों पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ाई गई है।
बंद में शामिल नहीं होंगी निजी बसें : बस मालिक संघ
गुरुवार को प्रस्तावित बंद के दौरान निजी बसों का संचालन जारी रहेगा। निजी बस मालिक संघ के अध्यक्ष लोकनाथ पाणि ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निजी बसें बंद में शामिल नहीं होंगी और यात्रियों के लिए परिवहन सेवा सामान्य रूप से जारी रहेगी। बस सेवा आवश्यक सेवा के अंतर्गत आती है, इसलिए बस मालिक संघ ने बंद से दूर रहने का निर्णय लिया है। गुरुवार को राज्यभर में निजी बसें चलेंगी और यात्री परिवहन प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार से बंद के दौरान बसों के सुरक्षित संचालन के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बसों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
