-
अनिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री माझी से की मुलाकात
भुवनेश्वर। ओडिशा के औद्योगिक और सामाजिक विकास को नई गति देने के साथ-साथ वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने लोक सेवा भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात कर पश्चिमी ओडिशा में 1,000 बेड का अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की योजना रखी। इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में वेदांता के औद्योगिक विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कंपनी ने झारसुगुड़ा में 2 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाला एल्युमिनियम स्मेल्टर संयंत्र स्थापित करने के लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना बताई। परियोजना के लिए राज्य सरकार की ओर से 500 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है।
बैठक में पश्चिमी ओडिशा में खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग और कच्चे माल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से सिजिमाली और कालारपट बॉक्साइट खदानों को परिचालन में लाने पर जोर दिया गया। कंपनी के नेतृत्व के अनुसार, इन स्थानीय खनिज संसाधनों का बेहतर उपयोग झारसुगुड़ा में प्रस्तावित रिफाइनरी और स्मेल्टर संचालन के लिए आवश्यक कच्चा माल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
