Home / Odisha / खेल भावना और भाईचारा स्वस्थ समाज की आधारशिला : मुख्यमंत्री

खेल भावना और भाईचारा स्वस्थ समाज की आधारशिला : मुख्यमंत्री

  •     16वें टाटा स्टील फ्रेंडशिप कप में मीडिया इलेवन चैंपियन

  •     ऑफिसर्स इलेवन उपविजेता

भुवनेश्वर। खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसके माध्यम से समाज में एकता, भाईचारा एवं सद्भावना को बढ़ावा मिलता है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में आयोजित 16वें टाटा स्टील फ्रेंडशिप कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में शामिल होते हुए ये बातें कहीं।

टाटा स्टील की ओर से आयोजित इस मैत्रीपूर्ण फुटबॉल टूर्नामेंट में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और टाटा स्टील के बीच मुकाबले हुए। टूर्नामेंट में मीडिया इलेवन ने चैंपियन का खिताब जीता, जबकि ऑफिसर्स इलेवन उपविजेता रहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाल ही में चीन में आयोजित जूनियर एशिया कप हॉकी-2026 में चैंपियन बनी भारतीय पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों में ओडिशा का प्रतिनिधित्व करने वाले सात पुरुष और तीन महिला हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रत्येक खिलाड़ी को 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

मैत्रीपूर्ण फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के मैदान में जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। खेल के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय और आपसी जुड़ाव मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि खेल भावना और भाईचारा स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं।

मुख्यमंत्री ने टाटा स्टील की सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना करते हुए हर वर्ष इस तरह के मैत्रीपूर्ण टूर्नामेंट आयोजित करने के लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, पंचायतीराज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग, उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वाईं, उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सरोज कुमार प्रधान, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रमण सहित अन्य विधायक और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this news

About desk

Check Also

वेदांता में अगली पीढ़ी की जल्द होगी दस्तक

    अनिल अग्रवाल की बेटी प्रिया अग्रवाल हेब्बर जल्द आएंगी सामने     कंपनी …