-
छात्र संसद चुनाव की रणनीति पर होगी चर्चा
भुवनेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ओडिशा (पूर्व) प्रांत की राज्य कार्यकारिणी की बैठक बालेश्वर के मोतीगंज स्थित राजस्थान भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रांत के पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, राज्य कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं संयोजक, जिला प्रमुख एवं संयोजक तथा विभिन्न आयामों, गतिविधियों और कार्यों के प्रांत प्रमुख एवं संयोजक सहित करीब 120 प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक में वर्तमान शैक्षणिक एवं सामाजिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। शिक्षा, सामाजिक स्थिति, राज्य की सुरक्षा, आर्थिक विषयों तथा समसामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श के बाद महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इसके अलावा 28 सितंबर को शुभेच्छुओं, पूर्व कार्यकर्ताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ एक विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी।
आगामी कॉलेज एवं विश्वविद्यालय छात्र संसद चुनाव को लेकर बैठक में विशेष रूप से चर्चा होगी। एबीवीपी विभिन्न परिसरों में चुनाव की तैयारियों के लिए रणनीति तैयार करेगी। विशेष तैयारी बैठक में राज्य के विभिन्न परिसरों में विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं, छात्र हित से जुड़े मुद्दों तथा आगामी चुनाव की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके आधार पर संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यपद्धति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में एबीवीपी की सांगठनिक स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी दिनों में संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को लेकर भी चर्चा की जाएगी। संगठन की ओर से बताया गया कि राज्य के विभिन्न शैक्षणिक परिसरों में विद्यार्थियों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी विचार किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में एबीवीपी ओडिशा पूर्व के राज्य सह-सचिव उज्ज्वल प्रदीप सामल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य क्षीरोद पंडा एवं ज्योतिरेखा भूयां, प्रांत मीडिया सह-संयोजक ओंकार महांति तथा बालेश्वर जिला संयोजक जीतम कुमार दास प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
