Home / Odisha / ओडिशा में सप्ताहभर भारी बारिश के आसार
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में सप्ताहभर भारी बारिश के आसार

  •     निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना

  •     मंगलवार से तीन दिन कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

भुवनेश्वर। ओडिशा में कमजोर पड़े मानसून के बीच अगले एक सप्ताह के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके शनिवार सुबह तक उत्तर अंडमान सागर पहुंचने और 19 सितंबर की शाम तक वहां निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, बनने वाला निम्न दबाव का क्षेत्र अगले तीन से चार दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ने की संभावना है।

मंगलवार से ऑरेंज अलर्ट

पिछले 24 घंटे में ओडिशा में औसतन केवल 2.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 69 प्रतिशत कम है। हालांकि, नए मौसम तंत्र के प्रभाव से शनिवार से राज्य में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। 19 सितंबर को राज्य के सभी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

रविवार और सोमवार को पूर्वी तथा दक्षिणी ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक को लेकर पीली चेतावनी जारी की गई है। वहीं मंगलवार से गुरुवार तक लगातार तीन दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी सहित पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।

निम्न दबाव के डीप्रेशन में बदलने के आसार

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, नया निम्न दबाव का क्षेत्र आगे चलकर डीप्रेशन में केंद्रित हो सकता है। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह तंत्र चक्रवाती तूफान का रूप लेगा या नहीं। आईएमडी की ओर से इसकी लगातार निगरानी की जा रही है और आने वाले दिनों में इसके मार्ग एवं तीव्रता को लेकर नियमित अपडेट जारी किए जाएंगे।

मौसम विभाग ने निचले इलाकों, नदी किनारे रहने वाले लोगों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मछुआरों को भी समुद्र में जाने से पहले मौसम और समुद्री परिस्थितियों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

Share this news

About desk

Check Also

‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो में सफल भागीदारी के बाद भुवनेश्वर लौटे मुख्यमंत्री

    स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने किया स्वागत     नवीकरणीय ऊर्जा निवेश को …