भुवनेश्वर, विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से निरंतर रक्तदान शिविरों का आयोजन अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् द्वारा निर्देशित “रक्तदान कर्तव्यम् 2026 — मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव” के अंतर्गत 17 से 23 सितंबर 2026 तक भारतवर्ष सहित अंतरराष्ट्रीय शाखाओं में विभिन्न स्थानों पर कॉरपोरेट एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निरंतर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर द्वारा IT Association of Odisha, Twin City Electrical Traders Association एवं XIM University सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से शहीद नगर, बापूजी नगर, मंचेश्वर तथा भुवनेश्वर के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के संयोजक सिद्धार्थ चौरड़िया ने पिछले कई दिनों से विभिन्न संस्थाओं एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निरंतर संपर्क स्थापित कर उनके सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
परिषद् अध्यक्ष जितेंद्र बैद ने बताया कि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के निर्देशन एवं पूज्य गुरुदेव आचार्य श्री महाश्रमण जी के आशीर्वाद से भुवनेश्वर के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। सभी शिविरों में रेड क्रॉस ब्लड बैंक सोसायटी द्वारा चिकित्सक एवं सहयोगी मेडिकल स्टाफ की देखरेख में रक्त संग्रह किया जाएगा।
तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर की पूरी टीम 18 से 22 सितंबर तक आयोजित विभिन्न शिविरों में अपनी सेवाएं प्रदान करेगी। प्रत्येक शिविर में रक्तदान जागरूकता के साथ आई डोनेशन प्लेज स्कैनर भी उपलब्ध रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग नेत्रदान के लिए पंजीकरण एवं संकल्प ले सकें।
परिषद् मंत्री सौरव बेताला ने बताया कि रक्तदान अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए भुवनेश्वर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाए गए हैं। साथ ही पंपलेट एवं बैनर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को “रक्तदान—महादान” जैसे मानवसेवा के नेक कार्य से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि पूरी परिषद् टीम मानव सेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रही है और रक्तदान के साथ नेत्रदान के संकल्प को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
