-
ओडिशा विजिलेंस ने किया गिरफ्तार
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने सहकारी समितियों में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलांगीर जिले के बेलपड़ा ब्लॉक अंतर्गत जुबा प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (पैक्स) लिमिटेड के पूर्व सचिव चिंतामणि मल्लिक को गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस की जांच में मल्लिक पर सरकारी एवं समिति की कुल 14,22,046 रुपये की राशि के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं में संलिप्त होने का आरोप सामने आया है। जांच के अनुसार, कथित अनियमितताएं वित्तीय वर्ष 2016-17, 2020-21, 2021-22 और 2022-23 के दौरान हुईं।
जांच के दौरान बीज बिक्री से प्राप्त राशि को आधिकारिक लेखा पुस्तकों में दर्ज नहीं करने, डे-बुक में जानबूझकर कम क्लोजिंग बैलेंस दर्ज करने, राशि की कमी को छिपाने के लिए फर्जी बैंक जमा दिखाने तथा सेविंग्स बैंक खातों से निर्धारित राशि से अधिक निकासी सहित कई वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
इस मामले में ओडिशा विजिलेंस ने संबलपुर विजिलेंस थाना कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बलांगीर स्थित विजिलेंस के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश करने के लिए भेजा गया है। मामले में विस्तृत जांच जारी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
