Home / Odisha / कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य : धर्मेंद्र

कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य : धर्मेंद्र

  •     अनुगोल में जिला ऑडिट कार्यालय और पॉलिटेक्निक परिसर में नए छात्रावासों का उद्घाटन

अनुगोल। संबलपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को अनुगोल के अमलापाड़ा में जिला ऑडिट कार्यालय तथा अनुगोल सरकारी पॉलिटेक्निक परिसर में 100-100 बिस्तरों वाले छात्रावास और छात्राओं के लिए छात्रावास का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रधान ने कहा कि अमलापाड़ा में नवनिर्मित जिला ऑडिट कार्यालय जिले में सरकारी वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ प्रशासनिक कार्यकुशलता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि अनुगोल सरकारी पॉलिटेक्निक परिसर में शुरू किए गए 100-100 बिस्तरों वाले छात्रावासों से तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। खासकर दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ये सुविधाएं काफी उपयोगी साबित होंगी और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद करेंगी।

प्रधान ने कहा कि कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक कौशल से लैस कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अनुगोल की युवा शक्ति को कुशल, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमारी ‘डबल इंजन सरकार’ पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि जिला ऑडिट कार्यालय और पॉलिटेक्निक परिसर में छात्रावासों की शुरुआत से एक ओर जहां प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Share this news

About desk

Check Also

पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय साइलो में सजा विराट कवि सम्मेलन

    हिंदी पखवाड़े में कवियों ने हास्य-व्यंग्य और भावपूर्ण रचनाओं से बांधा समां जगतसिंहपुर। …