कटक,जैन धर्म के पावन पर्युषण महापर्व की आराधना के क्रम में दूसरे दिन तेरापंथ भवन, कटक में स्वाध्याय दिवस पर धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि मोहजीत कुमार जी ने कहा कि स्वाध्याय आत्म-विकास और जीवन-निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वाध्याय से ज्ञानावरणीय एवं दर्शनावरणीय कर्मों के क्षय में सहायता मिलती है तथा व्यक्ति को हेय, ज्ञेय और उपादेय का सम्यक् बोध प्राप्त होता है।
उन्होंने भगवान महावीर की अध्यात्म यात्रा को गतिमयता प्रदान करते हुए उनके तीसरे भव तक का वर्णन भावपूर्ण शैली में किया।
पर्युषण पर्व की आराधना में स्वाध्याय की मौलिकता को स्पष्ट करते हुए मुनि जयेश कुमार जी ने कहा कि स्वाध्याय का अर्थ सत् शास्त्रों का अध्ययन करने के साथ-साथ स्वयं के ज्ञान और चेतना को जागृत करना भी है। किसी विषय को पढ़ने या सुनने के पश्चात उस पर अनुप्रेक्षा एवं मनन करने से मस्तिष्क में नये विचारों का संचार होता है और कल्पनाशक्ति का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज की तेजी से बदलती दुनिया में स्वाध्याय का महत्व और भी बढ़ गया है। निष्क्रिय मस्तिष्क व्यक्ति की क्षमताओं को सीमित कर देता है, जबकि स्वाध्याय उसे सक्रिय और जागरूक बनाता है।
उन्होंने कहा कि जीवन के निर्माण और व्यक्तित्व के विकास के लिए पठन-पाठन अत्यंत आवश्यक है। स्वाध्याय केवल पुस्तकों को पढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि पढ़े हुए विषयों पर चिंतन, मनन और अनुप्रेक्षा करना भी स्वाध्याय का अभिन्न अंग है। इससे व्यक्ति की विचारशक्ति परिष्कृत होती है और नये विचारों एवं सृजनात्मक चिंतन का जन्म होता है। नियमित स्वाध्याय व्यक्ति के भीतर विवेक, एकाग्रता और आत्मविश्वास का विकास करता है।
तीर्थंकर जीवन-दर्शन के परिप्रेक्ष्य में मुनि जयेश कुमार जी ने भगवान ऋषभदेव द्वारा मानव जीवन के विकास के लिए प्रस्तुत विकासशील अवधारणा को आधुनिक संदर्भों एवं शैली में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भगवान ऋषभदेव का जीवन-दर्शन मानव सभ्यता के क्रमिक विकास, श्रम, अनुशासन और आत्मोन्नति की प्रेरणा प्रदान करता है।
मुनि भव्य कुमार जी ने उत्तराध्ययन सूत्र के चित्तसम्भूति प्रसंग को अत्यंत सरस एवं प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किया।
पर्युषण महापर्व की आराधना के इस अवसर पर अनेक भाई-बहनों ने तप का प्रत्याख्यान किया।
साथ ही अखंड जप अनुष्ठान का क्रम भी सुचारू रूप से चल रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
