भुवनेश्वर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भ्रष्टाचार के आरोपों में दोषी पाए गए सुंदरगढ़ जिले के गुरुण्डिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पूर्व चिकित्सा अधिकारी डॉ. पतितपावन बारिक को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
डॉ. बारिक वर्तमान में गजपति जिले के गुरांडी सामुदायिक स्वास्थ्य में चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह सुंदरगढ़ के गुरुण्डिया सामुदायिक स्वास्थ्य में पदस्थ थे, जहां भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की जांच में उन्हें दोषी पाया गया था।
मामले में दोष सिद्ध होने के बाद मुख्यमंत्री ने डॉ. बारिक को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का आदेश दिया। यह कार्रवाई राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के अनुरूप मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को शासन के सभी स्तरों पर भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख अपनाने का निर्देश दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्ट गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उनके पद या जिम्मेदारी की परवाह किए बिना कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार के इस कदम को सार्वजनिक प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
