-
जिला मुख्यालय से सटे केनालगुड़ा गांव में सड़क नहीं
-
एक किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से मरीज को ले गए ग्रामीण
-
पंचायत चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
मालकानगिरि। ओडिशा के मालकानगिरि जिला मुख्यालय के निकट स्थित केनालगुड़ा गांव में बदहाल सड़क व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। गंभीर रूप से बीमार एक व्यक्ति को एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को उसे हाथों पर लादकर करीब एक किलोमीटर तक कीचड़ और टूटे रास्ते से ले जाना पड़ा, क्योंकि एंबुलेंस रास्ते में कीचड़ में फंस गई।
जानकारी के अनुसार, केनालगुड़ा गांव निवासी 48 वर्षीय अदमा कबासी की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस समय पर गांव के लिए रवाना हुई, लेकिन गांव से करीब एक किलोमीटर पहले कीचड़ और जर्जर सड़क के कारण फंस गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर लिटाया और कीचड़ से भरे रास्ते से पैदल ले जाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। वहां से उसे मालकानगिरि जिला मुख्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिला मुख्यालय के इतने निकट होने के बावजूद आज तक गांव को पक्की सड़क नहीं मिल सकी। कई बार प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जिला मुख्यालय के पास बसे गांव की यह स्थिति है, तो दूर-दराज के गांवों की हालत का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आगामी पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने पर मजबूर होंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
