-
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश
भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अस्पताल की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा चल रहे विस्तार एवं पुनर्विकास कार्यों की स्थिति का विस्तृत आकलन किया।
दौरे के दौरान मंत्री ने नए निर्माणाधीन भवनों के सीएन-1 और सीएन-4 परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पीजी हॉस्टल, रेजिडेंट हॉस्टल और सहायक प्रोफेसरों के आवास का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। उन्होंने डॉक्टरों एवं विद्यार्थियों के लिए बेहतर आवासीय और कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर कटक सदर के विधायक प्रकाश सेठी, चौद्वार के विधायक सौविक बिश्वाल, स्वास्थ्य सचिव तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
