Home / Odisha / 1,109 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई

1,109 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई

  •     गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, भुवनेश्वर से जुड़े चार राज्यों में छापे

  •     निदेशकों के आवास और विभिन्न इकाइयों की तलाशी

भुवनेश्वर। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 1,109 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में भुवनेश्वर स्थित एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा सहित चार राज्यों में एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई शनिवार को की गई, जिसकी जानकारी सीबीआई के आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को दी।

सीबीआई के अनुसार यह मामला गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, भुवनेश्वर से संबंधित है। विशेष सीबीआई न्यायाधीश, भुवनेश्वर द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर कंपनी के चार निदेशकों के भुवनेश्वर स्थित आवासों की तलाशी ली गई।

भुवनेश्वर, कोलकाता, काशीपुर, तिरुवल्लूर में छापे

इसके अलावा पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित कंपनी के पंजीकृत कार्यालय तथा उत्तराखंड के काशीपुर, तमिलनाडु के तिरुवल्लूर और ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कंपनी की तीन विनिर्माण इकाइयों में भी सीबीआई ने तलाशी अभियान चलाया।

कैनरा बैंक से 1,109 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप

सीबीआई के अनुसार मामला कैनरा बैंक से कंपनी द्वारा प्राप्त विभिन्न फंड आधारित और गैर-फंड आधारित ऋण सुविधाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने बैंक को लगभग 1,109 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।

स्टॉक और वित्तीय विवरण में हेरफेर का आरोप

बैंक द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, कंपनी और उसके निदेशकों ने ऋण सीमा बढ़वाने के उद्देश्य से स्टॉक का मूल्य कृत्रिम रूप से बढ़ाकर दिखायाव्यापारिक देनदारियों (ट्रेड रिसीवेबल्स) को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया तथा कंपनी के वित्तीय विवरणों में कथित रूप से हेरफेर किया।

ऋण की राशि का दुरुपयोग और डायवर्जन

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ऋण की राशि का दुरुपयोग और अन्यत्र स्थानांतरण (डायवर्जन) किया गया तथा खातों को नियमित दर्शाने के लिए एवरग्रीनिंग जैसी प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे बैंक को भारी वित्तीय नुकसान हुआ।

साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कानूनी कार्रवाई

सीबीआई ने मामले में विभिन्न दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को एकत्र करने की कार्रवाई की है। एजेंसी पूरे मामले की जांच कर रही है और तलाशी के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …