-
ओडिशा तट पर भारी बारिश और उग्र समुद्र को लेकर अलर्ट जारी
-
आईएमडी ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की दी सलाह
-
कई जिलों में मूसलाधार बारिश
भुवनेश्वर। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर ओडिशा–पश्चिम बंगाल तट के समीप बना निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार तड़के डिप्रेशन में बदल गया है तथा यहां अगले 24 घंटे के दौरान बालेश्वर तट के पास लैंडफाल करेगा। इसके प्रभाव से राज्य के अनेक हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है।
यह जानकारी देते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और समुद्र के अत्यधिक उग्र रहने की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी के अनुसार, रविवार सुबह यह डिप्रेशन 21.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.2 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। यह बालेश्वर से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, चांदबली से 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व तथा दीघा से 60 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में स्थित था।
मौसम विभाग ने बताया कि यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटों के भीतर बालेश्वर के निकट चांदबाली और दीघा के बीच उत्तर ओडिशा तट को पार करेगी। इसके बाद यह उत्तर ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगी तथा धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगी।
डिप्रेशन के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। कंधमाल जिले के खजुरीपाड़ा में सर्वाधिक 28 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि बलांगीर के तुरेकेला में 26 सेंटीमीटर और फूलबाणी में 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बालिगुड़ा, टिटिलागढ़ और निश्चिंतकोइली सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई।
आईएमडी ने आज से 7 जुलाई तक ओडिशा तट और उससे सटे समुद्री क्षेत्रों में समुद्र के उग्र से अत्यधिक उग्र रहने की चेतावनी दी है। इस अवधि में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। एहतियात के तौर पर राज्य के सभी बंदरगाहों पर स्थानीय चेतावनी संकेत संख्या-3 फहरा दिया गया है।
मौसम विभाग ने शहरी क्षेत्रों में जलभराव, स्थानीय बाढ़ और यातायात बाधित होने की आशंका जताई है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, फसलों को नुकसान और कमजोर संरचनाओं को क्षति पहुंचने की भी चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों में जाने से बचने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सभी परामर्शों का पालन करने की अपील की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
