-
मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक
-
लोक सेवा भवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक
-
सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश
भुवनेश्वर। भारत के उपराष्ट्रपति के 9 जुलाई को प्रस्तावित ओडिशा दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने लोक सेवा भवन में राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, परिवहन, चिकित्सा व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा कार्यक्रम स्थलों पर अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति भारतीय ध्वज वाले मछली पकड़ने वाले जहाजों को गहरे समुद्र में मत्स्य पालन के लिए ‘लेटर ऑफ ऑथराइजेशन’ के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा वे राष्ट्रीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाइसर), खुर्दा के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और दीक्षांत भाषण भी देंगे।
तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूरा करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता, सड़क रखरखाव, चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस सेवा और प्रोटोकॉल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में गृह, उद्योग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अपर मुख्य सचिव हेमंत शर्मा, ओडिशा के पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया, स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव एन. तिरुमाला नायक, वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के प्रधान सचिव एनबीएस राजपूत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
