-
रथयात्रा से पहले आवश्यक संरक्षण एवं मरम्मत संबंधी उपायों की होगी समीक्षा
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने 18 जुलाई को पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर का संयुक्त तकनीकी निरीक्षण कराने का निर्णय लिया है। यह वार्षिक निरीक्षण मंदिर की संरचनात्मक स्थिति का आकलन करने तथा आगामी रथयात्रा से पहले आवश्यक संरक्षण एवं मरम्मत संबंधी उपायों की समीक्षा के उद्देश्य से किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (वर्क्स डिपार्टमेंट) द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, निरीक्षण 18 जुलाई को सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। इसमें श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन की तकनीकी समिति तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, पुरी सर्किल के अधिकारी संयुक्त रूप से भाग लेंगे।
संयुक्त निरीक्षण के बाद एसजेटीए कॉन्फ्रेंस हॉल/पीडब्ल्यूडी इंस्पेक्शन बंगला, निर्माण निवास, पुरी में एक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में निरीक्षण के दौरान सामने आए निष्कर्षों पर चर्चा की जाएगी तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
वर्क्स डिपार्टमेंट ने एएसआई से निरीक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। इसके तहत गर्भगृह, जगमोहन और नाटमंडप के भीतर तकनीकी निरीक्षण के लिए आवश्यक मंच (स्टेजिंग) की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि विशेषज्ञ मंदिर की संरचना का विस्तृत परीक्षण कर सकें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह एक नियमित वार्षिक तकनीकी निरीक्षण है, जो प्रत्येक वर्ष रथ यात्रा से पूर्व मंदिर की संरचनात्मक सुरक्षा और संरक्षण की स्थिति का आकलन करने के लिए किया जाता है।
संयुक्त निरीक्षण से संबंधित आधिकारिक पत्र इंजीनियर-इन-चीफ-सह-विशेष सचिव, वर्क्स डिपार्टमेंट, ई. लक्ष्मीकांत पाढ़ी द्वारा अधीक्षण पुरातत्वविद, एएसआई, पुरी सर्किल को भेजा गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
