Home / Odisha / रथयात्रा-2026 में दो लाख श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प

रथयात्रा-2026 में दो लाख श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प

  •     मारवाड़ी सोसाइटी ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

  •     15 जुलाई की मध्यरात्रि से पुरी बड़दाण्ड पर शुरू होगा विशाल सेवा शिविर

  •     भोजन, नाश्ता और शीतल जल की होगी निःशुल्क व्यवस्था

भुवनेश्वर। आगामी 16 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विश्वविख्यात पुरी श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मारवाड़ी सोसाइटी, भुवनेश्वर ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रथयात्रा के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, नाश्ता और शीतल पेयजल की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोसाइटी की एक महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष संजय लाठ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महासचिव जितेन्द्र मोहन गुप्ता तथा पिछले लगभग 35 वर्षों से जगन्नाथ भक्त सेवा अभियान का नेतृत्व कर रहे सोसाइटी के परामर्शदाता एवं सेवा शिविर संयोजक सुरेश अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में रथयात्रा के दौरान सेवा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। महासचिव जितेन्द्र मोहन गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सेवा कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। अध्यक्ष संजय लाठ ने बताया कि मारवाड़ी सोसाइटी पिछले कई वर्षों से पुरी रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा करती आ रही है और इस वर्ष भी लगभग दो लाख जगन्नाथ भक्तों को निःशुल्क भोजन, नाश्ता तथा शीतल जल की बोतलें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीजगन्नाथ के प्रति आस्था और समर्पण का प्रतीक है।

कार्यक्रम के संयोजक एवं सोसाइटी के परामर्शदाता सुरेश अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ के भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक संतोष का विषय है। उन्होंने बताया कि सेवा शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 जुलाई की मध्यरात्रि से पुरी के बड़दाण्ड स्थित सोसाइटी के सेवा शिविर में भोजन, नाश्ता और पेयजल वितरण शुरू हो जाएगा, जो 16 जुलाई की सायंकाल तक लगातार जारी रहेगा, ताकि रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि इस विशाल सेवा अभियान में इस वर्ष भी मारवाड़ी युवा मंच, भुवनेश्वर तथा मारवाड़ी महिला समिति सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक सेवा शिविर में तैनात रहेंगे और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं सम्मानपूर्वक सेवा उपलब्ध कराएंगे।

बैठक में सोसाइटी के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। सभी ने रथयात्रा के दौरान सेवा कार्यों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और इसे भगवान श्रीजगन्नाथ की सेवा का एक पवित्र अवसर बताया।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …