Home / Odisha / बालेश्वर में दिनदहाड़े व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

बालेश्वर में दिनदहाड़े व्यवसायी की गोली मारकर हत्या

  •     पैदल जाते समय आठ राउंड फायरिंग

बालेश्वर। बालेश्वर शहर में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज घटना में एक व्यवसायी की मौत हो गई। अज्ञात बदमाशों ने बीच सड़क पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर व्यवसायी की हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान शेख हामिद के रूप में हुई है। वह बालेश्वर का निवासी था और शहर में कार एक्सेसरीज शोरूम तथा ब्यूटी पार्लर सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संचालन करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेख हामिद गुरुवार दोपहर सहदेवखुंटा थाना क्षेत्र के ऑर्डर बाजार इलाके में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश अचानक वहां पहुंचे और दो हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कई राउंड गोलियां चलाने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान करीब आठ राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। हमले में हमीद के सिर और आंख सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। साथ ही फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …