-
केंदुझर की सुभाषिनी जुआंग उपचार के दौरान जिंदगी से जंग हारीं
-
त्रासदी में जान गंवाने वाले ओडिशा के श्रमिकों की संख्या बढ़कर हुई आठ
-
मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
भुवनेश्वर। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में घायल ओडिशा के श्रमिकों में से केंदुझर जिले की सुभाषिनी जुआंग की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस त्रासदी में जान गंवाने वाले ओडिशा के श्रमिकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
इससे पहले केंदुझर जिले के पांच मृतक श्रमिकों के पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांवों में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार के लिए भेजे गए थे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर मृतकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी थी।
यह हादसा रविवार को तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के निकट कन्निगैपैर गांव स्थित एक सीफूड प्रसंस्करण एवं निर्यात इकाई में हुआ। आशंका है कि अमोनिया गैस के रिसाव से वहां कार्यरत श्रमिक जहरीले धुएं की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने और बेहोशी जैसी गंभीर समस्याएं हुईं।
करीब 120 प्रवासी श्रमिक थे मौजूद
रिपोर्ट के अनुसार घटना के समय ओडिशा, असम और झारखंड के लगभग 120 प्रवासी श्रमिक वहां काम कर रहे थे। गैस रिसाव के बाद कई श्रमिकों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ओडिशा सरकार ने भेजी विशेष टीम
घटना के बाद ओडिशा सरकार ने राहत और समन्वय कार्यों के लिए तीन सदस्यीय विशेष दल तमिलनाडु भेजा है। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया है कि घायलों के उपचार, आवश्यक सहायता और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
