-
बोले- डबल इंजन सरकार ने दो साल में बदली विकास की तस्वीर
-
121 योजनाओं के क्रियान्वयन का दावा
-
कहा- पूर्व सरकार किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाने में रही विफल
-
अब गांवों तक पहुंच रही बुनियादी सुविधाएं
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कार्यशैली पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने केवल दो वर्षों में राज्य के विकास को नई दिशा और गति दी है।
उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 121 नई योजनाओं को लागू कर जनकल्याण और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी है, जबकि पूर्ववर्ती सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गांव-गांव तक बिजली, पेयजल और सड़क जैसी आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 वर्षों तक सत्ता में रही बीजद सरकार इन बुनियादी जरूरतों को पूरी तरह सुनिश्चित नहीं कर सकी, जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने मिशन ‘पावर’ के माध्यम से बिजली, पानी और सड़क जैसी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी है और आज राज्य के दूरदराज के इलाकों तक विकास की किरण पहुंच रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, डबल इंजन सरकार की नीतियों का प्रत्यक्ष लाभ आम लोगों को मिल रहा है और विकास कार्यों में तेजी आई है।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मोहन माझी ने कहा कि पिछली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक उत्थान को पर्याप्त महत्व नहीं दिया, जबकि वर्तमान सरकार ने ‘लखपति दीदी’ जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर महिलाओं के लिए नए अवसर सृजित किए गए हैं, जिससे ओडिशा इस क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।
किसानों के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पहले किसानों की समस्याओं के समाधान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियों और योजनाओं के कारण अब किसान अपनी आजीविका को लेकर अधिक आत्मविश्वास महसूस कर रहे हैं और कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि राज्य के समग्र विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अपने संबोधन में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से ओडिशा आने वाले वर्षों में विकास के नए मानक स्थापित करेगा और ‘समृद्ध ओडिशा’ का लक्ष्य निर्धारित समय के भीतर हासिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए माझी ने कहा कि बंगाल की डलब इंजन सरकार बनते ही विकास ने गति पकड़ ली है तथा दीघा जगन्नाथ मंदिर से धाम शब्द को हटा दिया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
