Home / Odisha / श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, कटक का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, कटक का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

कटक। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, कटक का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय तेरापंथ भवन में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। तत्पश्चात सभा गीत का संगान श्री मनोज जी ललवाणी द्वारा किया गया। श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन महासभा के निवर्तमान अध्यक्ष श्री मनसुखलाल जी सेठिया ने किया।

सभा के निवर्तमान अध्यक्ष श्री मुकेश जी सेठिया को पुनः आगामी कार्यकाल के लिए अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने गत दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान समाज की विभिन्न संस्थाओं एवं सदस्यों से प्राप्त सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आगामी कार्यकाल में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

सत्र 2026-2028 के लिए संस्कारक श्री पानमल जी नाहटा एवं श्री राजेंद्र जी लूणिया ने जैन संस्कार विधि के अनुसार शपथ ग्रहण प्रक्रिया सम्पन्न करवाई। सभा के निवर्तमान अध्यक्ष एवं संरक्षक श्री मोहनलाल जी सिंघी ने नवमनोनीत अध्यक्ष श्री मुकेश जी सेठिया को अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।

इसके पश्चात अध्यक्ष श्री मुकेश जी सेठिया ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2026-28 की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने उपाध्यक्ष प्रथम श्री मालचंद जी सिंघी, उपाध्यक्ष द्वितीय श्री चैनरूप जी चोरड़िया, मंत्री श्री रणजीत जी दूगड़, कोषाध्यक्ष श्री प्रकाश जी सुराणा, सहमंत्री प्रथम श्री मनीष जी सेठिया, सहमंत्री द्वितीय श्री विकास जी नौलखा तथा संगठन मंत्री श्री पंकज जी सेठिया सहित कार्यकारिणी सदस्यों एवं विभिन्न प्रभारियों के नामों की घोषणा की तथा उन्हें शपथ ग्रहण करवाई।

समारोह में निवर्तमान महासभा अध्यक्ष श्री मनसुखलाल जी सेठिया ने नवगठित कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल हेतु मंगलकामनाएँ प्रेषित करते हुए संगठनात्मक दायित्वों एवं भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। ओडिशा-झारखंड ज्ञानशाला प्रभारी श्री बच्छराज जी बेताला (भुवनेश्वर), महासभा के संवाहक श्री प्रफुल्ल जी बेताला तथा कटक समाज के वरिष्ठ श्रावक एवं सभा संरक्षक श्री मोहनलाल जी सिंघी ने भी अपने प्रेरक उद्बोधन में नवगठित टीम को शुभकामनाएँ दीं।

स्थानीय युवक परिषद के श्री विकास जी नौलखा, महिला मंडल की श्रीमती इंदिरा लूणिया, अणुव्रत समिति के अध्यक्ष श्री संतोष जी सिंघी तथा भवन समिति के अध्यक्ष श्री चैनरूप जी चोरड़िया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नवगठित कार्यकारिणी के सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।

कार्यक्रम का सफल संचालन निवर्तमान सहमंत्री श्री सुनील जी कोठारी ने किया।

अंत में मंगलपाठ के साथ समारोह सानंद एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …