Home / Odisha / ओडिशा के विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री

ओडिशा के विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री

  •     प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति जताया आभार

  •     कहा- तटीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय संपर्क को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रामेश्वरम से पारादीप तक प्रस्तावित 8,300 करोड़ रुपये की तटीय राजमार्ग परियोजना को राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की मंजूरी के साथ ओडिशा के विकास का एक नया अध्याय शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति द्वारा इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। यह राजमार्ग राज्य के प्रमुख तटीय जिलों को जोड़ेगा और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने के बाद यात्रा समय में लगभग ढाई घंटे की कमी आएगी, जिससे लोगों को तेज और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार, लॉजिस्टिक्स तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि तटीय राजमार्ग ओडिशा की तटीय अर्थव्यवस्था के परिवर्तन को तेज करेगा, क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत बनाएगा और लाखों लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह परियोजना ओडिशा में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने ओडिशा की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और समृद्धि के लिए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता सराहनीय है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …